गोरखपुर में मकान कब्जाने की कोशिश का आरोप, पीड़िता ने डीएम से लगाई न्याय की गुहार

 "मेरा मकान छीनने की साजिश!" महिला ने लगाया प्रशासन और दबंगों की मिलीभगत का आरोप, डीएम से मांगा न्याय
 

गोरखपुर। सदर तहसील क्षेत्र के महादेव झारखंडी में एक महिला ने अपने मकान और भूमि पर जबरन कब्जा कराने की कोशिश का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का आरोप है कि कुछ लोगों ने प्रशासन को भ्रमित कर उसके कब्जे वाली भूमि पर जबरन निर्माण सामग्री गिरवाने और कब्जा कराने का प्रयास किया।

महादेव झारखंडी निवासी उर्मिला देवी ने जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि वह वर्षों से संबंधित भूमि और मकान पर काबिज हैं। उनके अनुसार वर्ष 2004 में भूमि का कब्जा प्राप्त हुआ था और बाद में वर्ष 2025 में पंजीकृत बैनामा भी उनके पक्ष में कराया गया। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम के अभिलेखों में उनका नाम दर्ज है तथा वह नियमित रूप से गृहकर और जलकर का भुगतान कर रही हैं।

पीड़िता का आरोप है कि एक अन्य पक्ष ने गलत दस्तावेज और गलत चौहद्दी दिखाकर भूमि पर दावा किया है। उनका कहना है कि 15 जून 2026 को तहसील प्रशासन के कुछ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण सामग्री डलवाने तथा कब्जा दिलाने की कोशिश की गई।

उर्मिला देवी ने आरोप लगाया कि कार्रवाई से पहले उन्हें किसी प्रकार की सूचना नहीं दी गई और न ही किसी सक्षम न्यायालय का आदेश दिखाया गया। उन्होंने इसे अवैधानिक बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और हस्तक्षेप रोकने की मांग की है।

पीड़िता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार की जबरन कार्रवाई रोकी जाए तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और प्रशासनिक स्तर पर शिकायत की जांच की मांग उठ रही है।