गोरखपुर महोत्सव 2027: 11 जनवरी से सजेगा सांस्कृतिक मंच, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कलाकार देंगे प्रस्तुति
गोरखपुर। नववर्ष 2027 में गोरखपुर महोत्सव का आयोजन 11 से 17 जनवरी तक किया जाएगा। महोत्सव के दौरान जहां मुख्य मंच पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे, वहीं स्थानीय प्रतिभाओं को भी अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में मंडलायुक्त सभागार में बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, महोत्सव के मुख्य मंच पर 11 से 13 जनवरी तक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं शिल्प मेला और विभागीय प्रदर्शनियां 17 जनवरी तक चलेंगी। उद्घाटन और समापन समारोह में शामिल होने वाले मुख्य अतिथियों के नामों की घोषणा बाद में की जाएगी।
बैठक में मंडलायुक्त ने कहा कि गोरखपुर महोत्सव पूर्वांचल की कला, संस्कृति, परंपरा और पर्यटन को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। आयोजन में स्थानीय कलाकारों को भी पर्याप्त अवसर दिया जाए, ताकि क्षेत्र की प्रतिभाओं को बड़े मंच पर अपनी प्रस्तुति देने का मौका मिल सके। कलाकारों के चयन की प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी करने पर भी जोर दिया गया।
महोत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इनमें सरकारी योजनाओं, विकास कार्यों, विभागीय उपलब्धियों और नवाचारों की जानकारी दी जाएगी। मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रदर्शनियां ऐसी हों, जिनसे आम लोगों को योजनाओं की जानकारी के साथ उनका लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझ में आए।
शिल्प मेले में हस्तशिल्प, पारंपरिक कलाओं और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। इससे क्षेत्र के कारीगरों, शिल्पकारों और छोटे कारोबारियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार का अवसर मिलेगा।
आयोजन में संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और यातायात विभाग को पार्किंग, प्रवेश-निकास मार्ग, वाहनों के आवागमन और भीड़ नियंत्रण की कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। इसके अलावा साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, मंच की साज-सज्जा, ध्वनि और प्रकाश व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
बाहरी कलाकारों और विशिष्ट अतिथियों के आवास, स्वागत और परिवहन की जिम्मेदारी भी संबंधित विभागों को सौंपी गई है, ताकि कार्यक्रमों के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
बैठक में जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगर आयुक्त अजय जैन, जीडीए सीईओ विशाल कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।