विदेश में नौकरी का झांसा देकर 2.21 लाख रुपये की ठगी, फर्जी वीजा-टिकट देने वाला आरोपी गिरफ्तार
गोरखपुर। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 2.21 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में शाहपुर पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने विदेश भेजने के नाम पर कूटरचित वीजा और टिकट तैयार कर पीड़ित को दिए थे।
रुपये वापस मांगने पर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
पुलिस के मुताबिक शाहपुर थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार आरोपी धनंजय सिंह पुत्र सतदेव सिंह, मूल निवासी ग्राम हरनाथपुर, ताड़ी बाजार, थाना अंदर, सिवान, बिहार और वर्तमान निवासी दिल्ली ने युवक को विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था।
आरोपी ने लीबिया और जॉर्डन में नौकरी दिलाने की बात कही और इसके लिए कथित तौर पर फर्जी वीजा और टिकट तैयार कर उपलब्ध कराया।
आरोप है कि विदेश भेजने और नौकरी लगवाने के नाम पर आरोपी ने अलग-अलग माध्यमों से पीड़ित से कुल 2,21,500 रुपये ले लिए। रकम लेने के बाद भी विदेश भेजने की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई।
काफी समय बीतने के बाद जब पीड़ित ने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी पर उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़ित की तहरीर पर शाहपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 72/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज की। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी धनंजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले नेटवर्क की जांच
पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फर्जी वीजा और टिकट तैयार करने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं।
पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी दस्तावेज के जरिए ठगी करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई जारी रखेगी।