गोरखपुर के मंडलायुक्त अनिल ढींगरा को भावभीनी विदाई, तीन वर्षों के कार्यकाल में विकास कार्यों को दी नई रफ्तार
गोरखपुर। वर्ष 2008 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी एवं गोरखपुर के मंडलायुक्त रहे अनिल ढींगरा को गुरुवार को मंडलायुक्त सभागार में भावभीनी विदाई दी गई।
शासन द्वारा उनका स्थानांतरण उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद में आवास आयुक्त, नगर भूमि सीमारोपण निदेशक तथा आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के सचिव के पद पर किया गया है। विदाई समारोह में अधिकारियों ने उनके तीन वर्ष एक माह के कार्यकाल को विकास, पारदर्शिता और टीमवर्क का उदाहरण बताया।
विदाई समारोह में जिलाधिकारी दीपक मीणा, गीडा (GIDA) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक, गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल, नगर आयुक्त अजय जैन, मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी सहित मंडल के अनेक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने अनिल ढींगरा के नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना करते हुए उनके साथ बिताए अनुभव साझा किए।
विकास परियोजनाओं को मिली नई गति
वक्ताओं ने कहा कि अनिल ढींगरा ने अपने कार्यकाल में विकास परियोजनाओं की नियमित समीक्षा, स्थलीय निरीक्षण और समयबद्ध क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
उनके नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिली, जिससे गोरखपुर मंडल में विकास कार्यों में उल्लेखनीय प्रगति हुई।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि गोरखपुर की परंपरा रही है कि यहां से विदा होने वाले अधिकारियों को भी उतना ही सम्मान मिलता है, जितना नए अधिकारियों के स्वागत में मिलता है।
उन्होंने बताया कि ‘गोड़ धोइया नाला’ और ‘विरासत गलियारा’ जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को अनिल ढींगरा के मार्गदर्शन में नई दिशा मिली।
सरल कार्यशैली और टीमवर्क की मिसाल
समारोह में अधिकारियों ने कहा कि अनिल ढींगरा की सबसे बड़ी विशेषता उनकी सरल, सकारात्मक और सहयोगात्मक कार्यशैली रही। उन्होंने हमेशा टीम भावना के साथ कार्य किया और अधिकारियों-कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाया।
विदाई समारोह में उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी अधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन की शुभकामनाएं दीं।
"हर व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण"
अपने संबोधन में अनिल ढींगरा ने कहा कि गोरखपुर में उन्हें सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का भरपूर सहयोग मिला, जिसकी बदौलत वे विकास कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ा सके। उन्होंने कहा कि किसी भी संगठन में कोई छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि हर व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण होता है।
उन्होंने जिलाधिकारी दीपक मीणा, गीडा सीईओ अनुज मलिक, नगर आयुक्त, जीडीए अधिकारियों और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि गोरखपुर में सभी ने एक परिवार की तरह मिलकर काम किया और यही इस मंडल की सबसे बड़ी ताकत रही।
समारोह के अंत में सभी अधिकारियों ने अनिल ढींगरा को भावभीनी विदाई देते हुए उनके नए दायित्वों में भी उत्कृष्ट कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।