गुरुकुल इनलाइटेंड पब्लिक स्कूल में साइबर जागरूकता और नारी सशक्तिकरण कार्यक्रम आयोजित

 

गोरखपुर। भारतीय न्यूज एजेंसी (BNA) की ओर से गुरुकुल इनलाइटेंड पब्लिक स्कूल में साइबर अवेयरनेस एवं नारी सशक्तिकरण विषय पर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और उपस्थित लोगों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा महिलाओं के अधिकारों और सशक्तिकरण के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता साइबर कमांडो उपेंद्र कुमार सिंह ने साइबर ठगी के नए तरीकों, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा साइबर अपराध होने पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने का आह्वान किया।

अधिवक्ता पूजा गुप्ता ने नारी सशक्तिकरण पर अपने विचार रखते हुए कहा कि कानून महिलाओं को सुरक्षा और समान अधिकार देता है, आवश्यकता है कि महिलाएं अपने अधिकारों को जानें, समझें और उनका उपयोग करें।

उन्होंने महिलाओं के संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों तथा आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में भारतीय न्यूज एजेंसी के मुख्य ट्रस्टी ई. शक्ति शंकर, कोषाध्यक्ष वर्षा रावत, डायरेक्टर बलराम सिंह, विद्यालय के प्रिंसिपल एस. डी. शुक्ला तथा वाइस प्रिंसिपल श्रीमती सीमा विजेता ने अतिथियों का स्वागत किया।

सभी वक्ताओं ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों और समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन जारी रखने पर बल दिया।

कार्यक्रम का संचालन विशाल राय ने किया। इस अवसर पर पत्रकार जावेद खान, अमित भारती, अंशुल वर्मा, दबीर आलम, अहमद फ्रेजर, महेश सरन श्रीवास्तव, आबिद अली एवं विजय कुमार गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में भारतीय न्यूज एजेंसी की ओर से सभी अतिथियों एवं वक्ताओं का आभार व्यक्त किया गया तथा समाजहित में भविष्य में भी साइबर सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और जन-जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित करने का संकल्प लिया गया।