गोरखपुर में चार लाख संभावित मतदाता सूची से बाहर, 36 लाख का लक्ष्य लेकर अभियान चलाएगा प्रशासन

डीएम दीपक मीणा ने सेंट एंड्रयूज कॉलेज में युवाओं को किया जागरूक, 18 वर्ष की आयु पूरी करने वालों से फॉर्म-6 भरने की अपील
 

गोरखपुर। जिले में मतदाता सूची को अधिक व्यापक और समावेशी बनाने के लिए प्रशासन ने नए मतदाताओं को जोड़ने की मुहिम तेज कर दी है। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि गोरखपुर की आबादी करीब 57 लाख है। इसमें लगभग 66 प्रतिशत आबादी 18 वर्ष से अधिक आयु की है। इस लिहाज से जिले में करीब 36 लाख मतदाता होने चाहिए, जबकि वर्तमान में मतदाताओं की संख्या लगभग 32 लाख है। ऐसे में करीब चार लाख संभावित मतदाताओं को सूची से जोड़ने की जरूरत है।

शनिवार को सेंट एंड्रयूज कॉलेज में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डीएम ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपील की कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थी तत्काल फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। वहीं, जिनकी उम्र अभी 18 वर्ष नहीं हुई है, वे अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के पात्र लोगों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि मतदाता जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने में विद्यार्थी प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। प्रत्येक युवा यह सुनिश्चित करने का प्रयास करे कि उसके परिवार और आसपास का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उन्होंने विशेष रूप से 18 और 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की मतदाता सूची में भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान डीएम ने निर्वाचन आयोग की डिजिटल सुविधाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को ECINet ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि निर्वाचन संबंधी जानकारी और सुविधाओं के लिए इस ऐप का उपयोग किया जा सकता है। इसके अलावा चुनाव से जुड़ी शिकायत, जानकारी अथवा सहायता के लिए मतदाता हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
 

छात्र-छात्राओं को नए मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। बताया गया कि भारत का नागरिक, जिसकी उम्र निर्धारित अर्हता तिथि तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और जिसका नाम किसी भी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वह फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कर सकता है। इसके लिए एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर की चार अर्हता तिथियां निर्धारित हैं। पात्र युवा इन तिथियों के आधार पर अग्रिम आवेदन भी कर सकते हैं।

डीएम ने बताया कि मतदाता पंजीकरण के लिए निर्वाचन आयोग के आधिकारिक पोर्टल voters.eci.gov.in और ECINet मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। इसके अलावा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में भी आवेदन जमा किया जा सकता है। आवेदन के लिए फोटो, जन्मतिथि और निवास से संबंधित आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने होंगे।
 

इस दौरान विद्यार्थियों को निर्वाचन आयोग के विभिन्न प्रपत्रों की उपयोगिता भी बताई गई। नए मतदाता के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6, विदेश में रहने वाले भारतीय नागरिकों के लिए फॉर्म-6ए, आधार संबंधी जानकारी स्वेच्छा से देने के लिए फॉर्म-6बी, मतदाता सूची में नाम पर आपत्ति या नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम, पता और अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 की जानकारी दी गई।

जिलाधिकारी ने आवेदन करते समय सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति का नाम केवल एक ही स्थान की मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए। आधार उपलब्ध कराना स्वैच्छिक है और केवल आधार नहीं होने के कारण किसी का मतदाता पंजीकरण आवेदन अस्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना महज औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का पहला कदम है। युवाओं को स्वयं जागरूक होने के साथ ही दूसरों को भी जागरूक करना चाहिए, ताकि जिले का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता बनने से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल, एसडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह, सेंट एंड्रयूज कॉलेज के प्राचार्य आरएन सेमवाल सहित कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।