पशु तस्करों से मुठभेड़! फायरिंग-पथराव के बीच एक गिरफ्तार, पिकअप पलटने से गोवंश की मौत
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र में बीती रात पशु तस्करों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। एसओजी/स्वाट टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि अन्य तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से एक पिकअप, दो मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 4/5 मई 2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि पशु तस्कर गोवंश को पिकअप में लादकर गोरखपुर से ले जाने की फिराक में हैं। सूचना पर सक्रिय हुई एसओजी/स्वाट टीम और थाना पिपराइच पुलिस ने सर्विलांस के जरिए ग्राम इस्लामपुर के पास घेराबंदी कर दी। पुलिस को देख तस्करों ने भागने की कोशिश की और इस दौरान दो राउंड फायरिंग व पथराव किया, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की।
भागने के दौरान तस्करों की पिकअप पलट गई। पिकअप में चार गोवंश लदे थे, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, एक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो गोवंश सुरक्षित मिले। बताया जा रहा है कि पिकअप बिहार नंबर की है।
घटना के बाद चलाए गए कांबिंग ऑपरेशन में पुलिस ने जनार्दन कनौजिया (लगभग 40 वर्ष), निवासी ग्राम मोहनपुर, थाना पिपराइच को गिरफ्तार कर लिया। उससे पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस ने इस मामले में मु0अ0सं0 226/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस, गोवध अधिनियम की धारा 3, 5(क), 8 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 में मुकदमा दर्ज किया है। अभियुक्तों में साहब अंसारी, राजित अंसारी, जनार्दन समेत 5-6 अज्ञात लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि सर्विलांस, एसओजी, स्वाट और थाना पिपराइच की टीमें मिलकर फरार तस्करों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।