नशे में पति से कराई गई जमीन की रजिस्ट्री, महिला ने लगाई न्याय की गुहार
गोरखपुर। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में कुशीनगर जनपद की निवासी सुनीता देवी ने गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। उन्होंने बताया कि उनके पति को नशे की हालत में बहला-फुसलाकर उनकी जमीन का बैनामा करा लिया गया और अब दबंग पक्ष उन्हें मकान व जमीन से बेदखल करने का प्रयास कर रहा है।
सुनीता देवी पत्नी नन्दलाल चौहान, निवासी मौजा जंगल गायघाट, तहसील पड़रौना, जिला कुशीनगर ने आरोप लगाया कि उनकी आबादी व कृषि भूमि, जो कि रकबा 0.02060 व उससे संबंधित हिस्सों में स्थित है, को अमरनाथ वर्मा पुत्र … व उनकी पत्नी सुधा वर्मा द्वारा साजिशन हड़प लिया गया। उन्होंने कहा कि उनके पति नशे के आदी हैं और अक्सर शराब के प्रभाव में रहते हैं। इसी कमजोरी का फायदा उठाकर 8 मई 2025 को उन्हें शराब पिलाकर विवादित भूमि का बैनामा अपने पक्ष में करा लिया गया।
पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने धनबल और बाहुबल के दम पर नामांतरण की प्रक्रिया भी पूरी करा ली है। इतना ही नहीं, उनकी आबादी की भूमि, जहां उनका मकान बना है, उसे भी बैनामे में शामिल कर लिया गया। अब आरोपी पक्ष लगातार उन्हें जमीन खाली करने के लिए दबाव बना रहा है और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
सुनीता देवी ने बताया कि मामले की जानकारी होने पर उन्होंने बैनामा निरस्तीकरण के लिए सिविल जज (जू०डि०) पड़रौना, कुशीनगर की अदालत में वाद दायर किया है, जिसकी अगली सुनवाई 3 जुलाई 2026 को निर्धारित है। इसके साथ ही वाद संख्या 358/2025 में सिविल जज (सी०डि०) कुशीनगर द्वारा यथास्थिति बनाए रखने का स्थगन आदेश भी दिया जा चुका है।
इसके बावजूद आरोप है कि अमरनाथ वर्मा ने उनके पति के खिलाफ फर्जी घटना दिखाकर थाना पड़रौना में एफआईआर संख्या 36/2026 धारा 319(2), 318(4) व 61(2) बीएनएस के तहत दर्ज करा दी, ताकि भय का माहौल बनाकर जमीन पर कब्जा किया जा सके।
प्रेस वार्ता के दौरान सुनीता देवी ने यह भी आरोप लगाया कि सुधा वर्मा द्वारा उनके परिवार को जिंदा जलाने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए, फर्जी बैनामे को निरस्त किया जाए और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
प्रेस वार्ता के माध्यम से उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर न्याय दिलाने की अपील की है।