मतदाता पुनरीक्षण में लापरवाही पर डीएम सख्त, 11 दिन में एक भी फॉर्म न भरने वाले बीएलओ को लगाई फटकार
गोरखपुर। मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी दीपक मीणा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में छूटना नहीं चाहिए। बीएलओ घर-घर जाकर नए मतदाताओं को चिह्नित करें और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियों का फॉर्म-6 भरवाकर उनका नाम सूची में दर्ज कराएं। निर्वाचन कार्य में लापरवाही और बहानेबाजी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शनिवार को जिलाधिकारी ने सेंट एंड्रयूज कॉलेज, डीबी इंटर कॉलेज, मड़वाड़ इंटर कॉलेज समेत जनपद के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ से नए मतदाताओं के पंजीकरण, घर-घर संपर्क और फॉर्म-6 भरवाने की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर संबंधित बीएलओ को फटकार लगाई और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने प्रत्येक बीएलओ को कम से कम 100 नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने का लक्ष्य देते हुए कहा कि अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर पात्र नागरिकों की पहचान करें। जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, उनका फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराएं। उन्होंने कहा कि अभियान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसका असर धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
किराएदारों के संबंध में भी डीएम ने विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी मकान में पुराना किराएदार कहीं अन्यत्र चला गया है और उसके स्थान पर नया किराएदार आया है तो उसकी पात्रता के अनुसार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए। साथ ही पुराने और नए निवासियों की स्थिति का सत्यापन कर सूची को अद्यतन रखा जाए।
उन्होंने डुप्लीकेट आवेदन से बचने की हिदायत देते हुए कहा कि जिस व्यक्ति का फॉर्म पहले ही भरा जा चुका है, उसका दोबारा आवेदन न कराया जाए। किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से सूची से कट गया है तो नियमानुसार उसे पुनः जुड़वाने की कार्रवाई की जाए। यदि किसी मतदाता को फॉर्म भरने में परेशानी हो रही है तो बीएलओ स्वयं उसकी मदद करें और आवेदन जमा कराने में सहयोग दें।
11 दिन में शून्य प्रगति पर जताई नाराजगी
निरीक्षण के दौरान डीएम ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जताई कि अभियान के 11 दिन बीतने के बाद भी कुछ बीएलओ एक भी फॉर्म नहीं भर पाए हैं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्य में इस तरह की उदासीनता स्वीकार्य नहीं है। सभी बीएलओ प्रतिदिन अपने क्षेत्र में किए गए कार्य का वास्तविक विवरण प्रस्तुत करें। केवल रिपोर्ट तैयार करने के बजाय पात्र मतदाताओं को सूची से जोड़ने पर ध्यान दें।
प्रधानाचार्यों को भी सौंपी जिम्मेदारी
जिलाधिकारी ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिया कि वे अपने संस्थानों में ऐसे छात्र-छात्राओं को चिह्नित करें, जिनकी आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है। उनका फॉर्म-6 भरवाकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कराएं। उन्होंने कहा कि युवाओं को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी पंजीकरण से वंचित न रहे।
डीएम ने सुपरवाइजरों और लेखपालों को भी बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा जरूरत पड़ने पर मौके पर पहुंचकर सहयोग देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी बूथ पर पात्र मतदाता का नाम छूटने की शिकायत मिलने पर संबंधित बीएलओ की जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। इसलिए इसके पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और समयबद्धता के साथ किया जाना चाहिए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अधिकार मिल सके।
निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसीएम द्वितीय मुकुल खंडेलवाल, ईआरओ/एडीएम सदर ज्ञान प्रताप सिंह तथा ईआरओ/एसीएम प्रथम पवन कुमार जायसवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।