थाना समाधान दिवस में पहुंचे डीआईजी, किया औचक निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश

 

गोरखपुर। आदर्श थाना सहजनवा में शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी नमन मेहता ने की। इस दौरान थाना प्रभारी संजय मिश्रा एवं क्षेत्राधिकारी आभा सिंह की देखरेख में कुल 9 मामलों की सुनवाई हुई।प्राप्त जानकारी के अनुसार समाधान दिवस में आए 9 मामलों में से 8 मामले राजस्व विभाग से संबंधित तथा 1 मामला पुलिस विभाग से संबंधित था। हालांकि, मौके पर एक भी मामले का निस्तारण नहीं हो सका, सभी मामलों को संबंधित विभागों को अग्रिम कार्यवाही हेतु प्रेषित कर दिया गया।


इसी बीच डीआईजी डॉ. यस. चनप्पा औचक निरीक्षण करते हुए थाना गीडा से आदर्श थाना सहजनवा पहुंचे। उन्होंने थाने का गहन निरीक्षण किया, अभिलेखों की जांच की तथा थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवश्यक कमियों को सुधारने के लिए संबंधित कर्मियों को कड़े निर्देश दिए और फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। इस अवसर पर राजस्व विभाग के अधिकारी, लेखपाल, थाना स्टाफ सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।