सेवा संकल्प अभियान में विभागवार जिम्मेदारी तय, सीएम योगी ने दिए निर्देश
गोरखपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलने वाले एक माह के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसमें आम लोगों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पांच कालिदास मार्ग से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए प्रदेश के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने जिला स्तर से लेकर ग्राम पंचायत, ब्लॉक, नगर निकाय और बूथ स्तर तक अभियान की जिम्मेदारियां स्पष्ट करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को जिला स्तर पर अभियान का नोडल अधिकारी बनाते हुए सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने और कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करने को कहा। वहीं मुख्य विकास अधिकारी को ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर पर होने वाली गतिविधियों की जिम्मेदारी दी गई है। इन क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, श्रमदान, पौधरोपण और विकास कार्यों से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों और कॉलेजों में ‘विकसित भारत’ विषय पर चित्रकला, भाषण और निबंध सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य जांच और रक्तदान शिविर आयोजित कराने की जिम्मेदारी दी गई है। 17 सितंबर को अभियान के शुभारंभ के अवसर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जबकि पूरे माह गांवों और शहरों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे।
पंचायत एवं नगर निकाय विभागों को स्वच्छता, श्रमदान और पौधरोपण जैसी गतिविधियों की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही पात्र और वंचित लोगों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।
अभियान के तहत प्रत्येक बूथ पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा सेवा, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पौधरोपण, रक्तदान और जनभागीदारी से जुड़े कुल 13 प्रमुख सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। संस्कृति विभाग को ‘नमो सेवा गाथा’ सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक आयोजित कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्यक्रम समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं और विभागों के बीच बेहतर समन्वय रखा जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सिर्फ आयोजन करना नहीं, बल्कि सेवा गतिविधियों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पहुंचाना भी है।
गोरखपुर में वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक ग्रामीण विपिन सिंह, विधायक चौरीचौरा ई. सरवन निषाद, विधायक खजनी श्रीराम चौहान, विधायक सहजनवा प्रदीप शुक्ला समेत अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप विभागवार तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए।