स्वामी विवेकानंद एकेडमी में दंत चिकित्सा शिविर, 105 बच्चों के दांतों की हुई जांच
गोरखपुर। स्वामी विवेकानंद एकेडमी, सेमरा सहजनवां में दंत चिकित्सा एवं मौखिक स्वच्छता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 105 बच्चों के दांतों की जांच की गई और उन्हें नियमित रूप से दांतों की सफाई रखने तथा सही तरीके से ब्रश करने की जानकारी दी गई। बच्चों को टूथपेस्ट भी वितरित किया गया।
कार्यक्रम में पूर्वांचल इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंस, गोरखपुर के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं मिशन पायरिया मुक्त अभियान के सीईओ डॉ. आशीष प्रताप मल्ल ने कहा कि भ्रामक विज्ञापनों के प्रभाव में आकर लोग मौखिक स्वास्थ्य से जुड़ी गलत धारणाओं का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने बच्चों के दांतों का परीक्षण करते हुए उन्हें दांतों की नियमित देखभाल के प्रति जागरूक किया।
शिविर के दौरान अभिभावकों को भी बच्चों के खान-पान को लेकर जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि आजकल लंच बॉक्स में फास्ट फूड और अत्यधिक मीठे खाद्य पदार्थ दिए जाने से बच्चों के दांतों और मौखिक स्वच्छता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। वहीं, फिल्मों में दिखाए जाने वाले तंबाकू और सिगरेट के दृश्यों से भी बच्चों एवं युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई गई।
डॉ. मनीष सिंह ने बच्चों को सही ब्रश तकनीक की जानकारी दी और मौखिक स्वच्छता के महत्व को समझाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप मद्धेशिया ने की। विद्यालय प्रबंधक वृजेश कुमार सिंह ने चिकित्सकों की टीम का आभार जताया।
इस अवसर पर संदीप कुमार, फार्मासिस्ट सिटी डेंटल हॉस्पिटल एंड इम्प्लांट सेंटर सहजनवां, ज्ञान यादव, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव इमोफार्म, अर्चना शुक्ला, शुभम अग्रवाल, जैस्मीन शाह, अरुण कुमार, रागिनी और प्रीति उपाध्याय सहित विद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।