जन औषधि केंद्र पर बिल मांगना पड़ा भारी, मरीज के तीमारदार से मारपीट! वीडियो वायरल

गोरखपुर के सहजनवा सीएचसी स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पर दवा का बिल मांगने पर मरीज के तीमारदार से कथित मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
 

गोरखपुर। सहजनवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्थित प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र में दवा का बिल मांगने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि बिल मांगने पर केंद्र संचालक और उसके कर्मचारियों ने मरीज के तीमारदार के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।

जानकारी के अनुसार, सहजनवा क्षेत्र के मिनवा गांव निवासी मनीष गौड़ अपनी पत्नी अर्चना के इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। चिकित्सक द्वारा लिखी गई दवाएं लेने के लिए वह प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने दवाएं खरीदकर भुगतान भी कर दिया।

आरोप है कि भुगतान के बाद जब मनीष गौड़ ने दवाओं का बिल मांगा तो केंद्र संचालक नाराज हो गया। इसके बाद संचालक और उसके कर्मचारियों ने कथित रूप से उनके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मारपीट के बाद पीड़ित ने सहजनवा पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पीड़ित कुछ समय तक सड़क पर धरने पर भी बैठ गया।

मामले की जानकारी मिलते ही सहजनवा पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। वायरल वीडियो और प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।