कैमरे की निगरानी पर छिड़ा विवाद, एनडीआरएफ कर्मी ने पुलिसकर्मियों पर लगाए गंभीर आरोप
गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे की दिशा को लेकर एनडीआरएफ कर्मी और पुलिस के बीच विवाद गहरा गया है। एनडीआरएफ में तैनात राजू नायक ने पुलिस पर उत्पीड़न, धमकी देने और परिवार के सामने अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, गोला थाना प्रभारी ने आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि संबंधित सीसीटीवी कैमरे का रुख पड़ोसी के घर की तरफ था, जिससे महिलाओं की निजता प्रभावित हो रही थी। इसी मामले में समझाने के लिए उन्हें चौकी बुलाया गया था।
गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में राजू नायक ने बताया कि वह गोला थाना क्षेत्र के ग्राम कास्त काशी नायक, हरपुर के निवासी हैं और वर्तमान में एनडीआरएफ में तैनात हैं। उनकी मुख्य बटालियन वाराणसी में है। उन्होंने बताया कि करीब दो वर्ष पहले घर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगवाया था। आरोप है कि उनके पड़ोसी हिमांशु नायक, अंशिका नायक और सुनीता नायक ने कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान उनके पिता पर फावड़े से हमला करने का प्रयास किया गया और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई।
राजू नायक के मुताबिक, उन्होंने वाराणसी से ही डायल 112 पर सूचना दी थी। इसके बाद गोला थाने पहुंचकर तत्कालीन थाना प्रभारी सीपी पांडेय को लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। उनका आरोप है कि 26 नवंबर को शिकायत पर कार्रवाई की जानकारी लेने के लिए जब उन्होंने थाना प्रभारी के सीयूजी नंबर पर फोन किया तो उन्हें गिरफ्तार कराने की धमकी दी गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद चीनी मिल चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों को उन्हें थाने लाने के लिए भेजा गया। वह परिवार के साथ वाहन से जा रहे थे, तभी उरुवा चौकी के पुलिसकर्मियों ने उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने वाहन का दरवाजा खींचकर खोलने और गाड़ी को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। राजू नायक का दावा है कि इस पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे जांच के दौरान साक्ष्य के तौर पर प्रस्तुत किया जा सकता है।
कैमरे की दिशा को लेकर पुलिस ने दी सफाई
वहीं, गोला थाना प्रभारी ने अपना पक्ष रखते हुए बताया कि राजू नायक के घर पर लगाया गया सीसीटीवी कैमरा पड़ोसियों के घर की तरफ था। इससे बगल में रहने वाली महिलाओं की निजता प्रभावित होने की शिकायत मिली थी। थाना प्रभारी के अनुसार, कैमरे का उद्देश्य अपने घर की सुरक्षा करना होना चाहिए, न कि किसी दूसरे के घर की निगरानी करना। इसी बात को समझाने और कैमरे की दिशा बदलवाने के लिए राजू नायक को चौकी बुलाया गया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि इसी मुद्दे पर चीनी मिल चौकी प्रभारी और राजू नायक के बीच कहासुनी हुई थी। उन्होंने यह भी बताया कि राजू नायक इस संबंध में एसएसपी से मुलाकात कर चुके हैं। पुलिस का पक्ष है कि विवाद की वजह कैमरे की दिशा और पड़ोसियों की निजता से जुड़ी शिकायत है, जबकि एनडीआरएफ कर्मी पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगा रहे हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग
राजू नायक ने तत्कालीन थाना प्रभारी सीपी पांडेय, पुलिसकर्मी आशुतोष वर्मा तथा चीनी मिल और उरुवा चौकी के संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वाहन घेरने और दरवाजा खोलने के प्रयास से जुड़ी वीडियो रिकॉर्डिंग उनके पास मौजूद है। इसकी निष्पक्ष जांच होने पर पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सकती है।
उन्होंने अपने पिता पर कथित हमले के प्रयास, सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त करने और धमकी देने के मामले में भी नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। साथ ही परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी तरह के दबाव या उत्पीड़न से बचाने की अपील की है।
फिलहाल मामले में दोनों पक्षों के आरोप और दावे सामने आए हैं। एक ओर एनडीआरएफ कर्मी पुलिस के व्यवहार पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं पुलिस कैमरे की दिशा को विवाद की मुख्य वजह बता रही है। ऐसे में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की ओर से निष्पक्ष जांच और दोनों पक्षों के साक्ष्यों की पड़ताल के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।