साहित्यिक एवं काव्य समारोह में दो पुस्तकों का लोकार्पण

‘चरण पादुका गीत खंड’ और ‘पियोम गीत अमृत’ की रचनाओं से देर तक गूंजता रहा सभागार
 
‘चरण पादुका गीत खंड’ और ‘पियोम गीत अमृत’ की रचनाओं से देर तक गूंजता रहा सभागार

गोरखपुर। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के वातानुकूलित सभागार में साहित्य, कविता और संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब एवं स्वर्गीय शन्नो श्रीवास्तव स्मृति संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित साहित्यिक एवं काव्य समारोह में डॉ. प्रियंका दुबे प्रबोधिनी की कृतियों ‘चरण पादुका गीत खंड’ और ‘पियोम गीत अमृत’ का भव्य लोकार्पण किया गया। दोनों पुस्तकों का लोकार्पण समारोह में मौजूद कवियों ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम में पत्रकारों, साहित्यकारों, कवियों और साहित्यप्रेमियों की मौजूदगी रही। कवियों की रचनाओं ने ऐसा समां बांधा कि सभागार देर तक तालियों और वाहवाही से गूंजता रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ गुनगुन गुंजन द्वारा मां सरस्वती की वंदना से हुआ। इसके बाद कवि सम्मेलन की शुरुआत हुई।

कवि सम्मेलन का संचालन बनारस से आए प्रसिद्ध कवि नागेश शांडिल्य ने किया। उन्होंने अपनी प्रभावी संचालन शैली और काव्यात्मक अभिव्यक्ति से कार्यक्रम को लगातार गति प्रदान की। कवि डॉ. सुभाष यादव, डॉ. सत्यमवदा शर्मा, डॉ. चेतना पांडेय, गुनगुन गुंजन, कृष्णा श्रीवास्तव, प्रदीप मिश्रा और नागेश शांडिल्य ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को भाव-विभोर किया। सुधीर श्रीवास्तव ने भी काव्य पाठ किया।

कवियों की रचनाओं में भक्ति, संवेदना, हास्य-व्यंग्य, सामाजिक सरोकार और मानवीय भावनाओं की विविध छवियां देखने को मिलीं। श्रोताओं ने प्रस्तुतियों का आनंद लेते हुए कई मौकों पर तालियों से कवियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. मंजरी पांडेय का विशेष अभिनंदन किया गया। उन्हें पूर्व उपाध्यक्ष अजीत यादव, कुंदन उपाध्याय, वागीश श्रीवास्तव और आचार्य मुकेश श्रीवास्तव की ओर से अभिनंदन पत्र भेंट किया गया। विशिष्ट अतिथि डॉ. अमित श्रीवास्तव तथा कार्यक्रम के संयोजक आचार्य मुकेश श्रीवास्तव मौजूद रहे।

आयोजकों ने कहा कि साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में साहित्यिक चेतना को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। पत्रकारिता के साथ साहित्य और संस्कृति को मंच देना भी प्रेस क्लब की रचनात्मक सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।

इस अवसर पर गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने अतिथियों और कवियों का आत्मीय स्वागत किया। उपाध्यक्ष धनेश निषाद, संयुक्त मंत्री महेंद्र गौड़, कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव, पुस्तकालय मंत्री संजय कुमार तथा कार्यकारिणी सदस्य डॉ. मनोज कुमार मिश्रा और अजीत सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी ने सभी अतिथियों, कवियों और श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।