शादी के एक साल बाद बुझ गई चांदनी की जिंदगी, संदिग्ध मौत से गांव में सनसनी
गोरखपुर। सहजनवा थाना क्षेत्र के घघसरा चौकी अंतर्गत नेवास गांव में रविवार को एक 24 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतका की पहचान चांदनी पत्नी हरिशंकर निषाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चांदनी मूल रूप से सिद्धार्थनगर जिले के चरनिया गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले नेवास गांव निवासी हरिशंकर निषाद के साथ हुई थी। शादी के बाद परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन एक साल के भीतर ही चांदनी की मौत ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब दो बजे संदिग्ध हालात में चांदनी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों के बीच मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ गीडा, सहजनवा थाना प्रभारी, घघसरा चौकी प्रभारी दुर्गेश सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक मृतका पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस घर में एक साल पहले शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।