जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर गोरखपुर में प्रशिक्षण शुरू, डीएम दीपक मीणा ने दिए शुद्धता के निर्देश
गोरखपुर। जनगणना 2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी), देवरिया रोड, कूड़ाघाट में फील्ड ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार से हुई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी दीपक मीणा ने पहुंचकर फील्ड ट्रेनर्स से संवाद किया और जनगणना की प्रक्रिया से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली।
डीएम दीपक मीणा ने प्रशिक्षण ले रहे फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना की महत्ता समझाते हुए कार्य को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ सीखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े देश की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। ऐसे में आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता बनाए रखना जनगणना कार्य से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
उन्होंने फील्ड ट्रेनर्स से कहा कि प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की प्रक्रिया के प्रत्येक पहलू को गंभीरता से समझें। किसी भी बिंदु पर संदेह या भ्रम होने पर प्रशिक्षकों से जानकारी प्राप्त करें, ताकि आगे फील्ड में कार्य करने वाले कर्मचारियों को सही और स्पष्ट जानकारी दी जा सके। फील्ड ट्रेनर्स आगे जनगणना कार्य में लगाए जाने वाले कार्मिकों को प्रशिक्षण देंगे, इसलिए उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
प्रशिक्षण में जनसंख्या की गणना, आंकड़े एकत्र करने की प्रक्रिया, निर्धारित प्रपत्रों में सूचनाओं के अंकन तथा जनगणना से जुड़े दिशा-निर्देशों के बारे में जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षणार्थियों को यह भी बताया जा रहा है कि गणना के दौरान प्राप्त सूचनाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दर्ज किया जाए और किसी भी स्तर पर आंकड़ों की शुद्धता प्रभावित न हो।
गोरखपुर में फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया जा रहा है। पहले चरण का प्रशिक्षण 7, 8 और 9 अक्टूबर 2026 को आयोजित हो रहा है, जबकि दूसरे चरण का प्रशिक्षण 12, 13 और 14 अक्टूबर 2026 को होगा। दोनों चरणों में फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना कार्य की प्रक्रिया और तकनीकी पहलुओं से परिचित कराया जाएगा।
जनगणना 2027 के लिए ‘जनगणना से जनकल्याण’ और ‘हमारी जनगणना, हमारा विकास’ का संदेश दिया जा रहा है। जनगणना से मिलने वाले आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार, आधारभूत सुविधाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए भविष्य की नीतियां और योजनाएं तैयार करने में मदद मिलती है।
जिले में जनगणना की तैयारियां जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी दीपक मीणा के निर्देशन में चल रही हैं। मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी तथा अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी जय प्रकाश की देखरेख में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से फील्ड ट्रेनर्स को आगामी जनगणना के लिए आवश्यक जानकारी और प्रक्रिया की समझ से लैस किया जा रहा है।