कैंपियरगंज हत्याकांड का खुलासा! मामी की हत्या कर जेवरात लूटने वाली भांजी गिरफ्तार

 

 

गोरखपुर। कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के जंगल बब्बन में वृद्ध महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। इस हत्याकांड की आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतका की अपनी भांजी निकली। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू और लूटे गए जेवरात बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार 21 जून 2026 को जंगल बब्बन क्षेत्र में सड़क से कुछ दूरी पर एक वृद्ध महिला का शव बरामद हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए कैंपियरगंज पुलिस, सर्विलांस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतका की भांजी राधिका पासवान पर शक गहराया, जिसके बाद पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी मामी अक्सर उसे ताने मारती थीं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहती थी। इसी नाराजगी में उसने हत्या की योजना बनाई। उसने अपनी मामी को बेटी की शादी की बात करने के बहाने बुलाया और कैंपियरगंज की ओर लेकर चली गई।

रास्ते में जंगल के पास पहुंचकर आरोपी ने शौच जाने का बहाना बनाया और मामी को भी अपने साथ जंगल में ले गई। वहां दोनों के बीच कहासुनी और संघर्ष हुआ, जिसके बाद आरोपी ने चाकू से गला रेतकर मामी की हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने मृतका के जेवर उतार लिए और मौके से फरार हो गई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चांदी की पायल, अंगूठियां, सोने के टप्स, ओम लॉकेट, टूटी सोने की चेन, मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।