एसआईआर में छूटे नाम जोड़ने फिर घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, 18 साल के युवाओं का भी होगा पंजीकरण
गोरखपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची से छूटे पात्र लोगों के नाम अब दोबारा जोड़ने की कवायद शुरू होगी। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से गोरखपुर मंडलायुक्त सभागार में SIR और उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बीएलओ दोबारा घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें और पात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार सूची में शामिल कराएं।
नवदीप रिणवा ने कहा कि SIR के दौरान किसी कारण से जिन पात्र मतदाताओं के नाम छूट गए हैं या सूची से हट गए हैं, उनकी जांच कर नाम जोड़ने की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को भी मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर ऐसे लोगों की जानकारी जुटाएं, जिनका नाम वर्तमान मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। पात्र पाए जाने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत फार्म-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सत्यापन के दौरान लोगों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की सही जानकारी मिले।
मतदाता खुद भी जांचें अपना नाम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की कि वे केवल बीएलओ के घर पहुंचने का इंतजार न करें। प्रत्येक मतदाता स्वयं भी मतदाता सूची में अपना नाम जांचे। यदि नाम सूची में नहीं है तो समय रहते फार्म-6 के माध्यम से नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें।
उन्होंने कहा कि परिवार में यदि कोई सदस्य 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुका है और उसका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है तो उसका भी पंजीकरण कराया जाए। किसी भी पात्र नागरिक को केवल जानकारी के अभाव में मतदान के अधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
नवदीप रिणवा ने बीएलओ को निर्देश दिया कि घर-घर सत्यापन के दौरान छूटे हुए मतदाताओं और नए पात्र मतदाताओं की पहचान प्राथमिकता के आधार पर की जाए। उन्होंने निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।
बैठक में मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह, जिलाधिकारी दीपक मीणा, अपर आयुक्त अजय राय, अपर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मुकुल खंडेलवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में विधान परिषद के खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।