एमपी इंटर कॉलेज में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा

एडीजी राम कुमार, डीआईजी एस. चन्नप्पा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए निर्देश
 

गोरखपुर। एमपी इंटर कॉलेज में चार नवंबर को प्रस्तावित भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर मंगलवार को पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों का जायजा लिया गया। अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन राम कुमार, पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने एमपी इंटर कॉलेज पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और पार्किंग सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को देखा तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश और निकास के रास्तों, सुरक्षा इंतजामों तथा वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के आवागमन को लेकर पहले से समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सुरक्षा की दृष्टि से कार्यक्रम स्थल के आसपास विशेष सतर्कता बरती जाए और सभी निर्धारित बिंदुओं पर पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित हो।

 

अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए वाहनों के आवागमन और पार्किंग की व्यवस्था व्यवस्थित रखने को कहा गया। आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात प्रबंधन की प्रभावी योजना बनाने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील, पुलिस अधीक्षक उत्तरी राजेश धुनावता, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।