होटलों के अवैध संचालन पर प्रशासन सख्त! एक सप्ताह में दुष्कर्म के दो मामलों से मचा हड़कंप...

गोरखपुर के गीडा सेक्टर-22 में एक सप्ताह के भीतर दुष्कर्म के दो मामले सामने आने के बाद अवैध होटलों पर सवाल उठे हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है, जबकि प्रशासन संयुक्त जांच अभियान चलाने की तैयारी में है।
 

 

गोरखपुर। गीडा सेक्टर-22 क्षेत्र में संचालित हो रहे होटलों को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एक सप्ताह के भीतर दुष्कर्म के दो अलग-अलग मामले सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। आरोप है कि क्षेत्र में कई होटल बिना निर्धारित मानकों और आवश्यक अनुमति के संचालित हो रहे हैं, जिससे आपराधिक घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। प्रशासन ने अब पूरे मामले में सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

 

खाना खिलाने के बहाने होटल ले जाकर दुष्कर्म का आरोप

ताजा मामले में सहजनवा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती के पिता ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि गांव के ही रहने वाले युवक विजय प्रताप शुक्ला ने युवती को खाना खिलाने के बहाने गीडा क्षेत्र स्थित एक होटल में बुलाया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपी युवती को छोड़कर फरार हो गया। किसी तरह घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना बताई, जिसके बाद सहजनवा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

एक सप्ताह पहले भी सामने आया था ऐसा ही मामला

इससे पहले भी सहजनवा थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ होटल में दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवराज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और होटल संचालन पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।

बिना मानक चल रहे होटलों पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि गीडा सेक्टर-22 में दो दर्जन से अधिक होटल संचालित हैं, जिनमें से अधिकांश के पास आवश्यक लाइसेंस और वैधानिक अनुमति नहीं है। साथ ही कई होटलों में अग्नि सुरक्षा, सीसीटीवी, अतिथि पंजीकरण और अन्य अनिवार्य व्यवस्थाओं का भी अभाव बताया जा रहा है।

प्रशासन करेगा संयुक्त जांच अभियान

गीडा क्षेत्राधिकारी कीर्ति निधि आनंद ने बताया कि सभी संबंधित विभागों के साथ संयुक्त टीम बनाकर जल्द ही विशेष जांच अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान होटलों के लाइसेंस, सुरक्षा मानकों, दस्तावेजों और संचालन की जांच की जाएगी। बिना मानकों के संचालित होटल संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं गीडा एसीओ ने बताया कि पहले भी कई होटल संचालकों को नोटिस जारी किए गए थे। अब पुनः नोटिस जारी कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

स्थानीय लोगों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद स्थानीय नागरिकों ने अवैध रूप से संचालित हो रहे होटलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति की आशंका बनी रहेगी। फिलहाल दोनों मामलों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।