छोटी पहल से बड़े सकारात्मक बदलाव संभव : प्रदीप शुक्ला

सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत भाषण प्रतियोगिता आयोजित, रुशिका शर्मा रहीं प्रथम
 

सहजनवां, गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय राजकीय महाविद्यालय, सहजनवां में मंगलवार को ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के तहत ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ला और महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विनोद कुमार पाल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जिसके बाद सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन हुआ।

प्रतियोगिता के बाद विधायक प्रदीप शुक्ला ने कहा कि भारतीय संस्कृति में सेवा को सर्वोच्च मानवीय मूल्यों में स्थान दिया गया है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा में युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ लोगों को समस्याओं के समाधान में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करता है। छोटी-सी पहल भी बड़े सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन सकती है।

भाषण प्रतियोगिता में बीए तृतीय वर्ष की रुशिका शर्मा ने प्रथम, बीकॉम तृतीय वर्ष की ज्योति किरन सिंह ने द्वितीय और बीए प्रथम वर्ष की मनीषा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विधायक ने विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. विनोद कुमार पाल ने कहा कि सेवा भावना विद्यार्थियों को संवेदनशील, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। महाविद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य, सड़क सुरक्षा और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां समय-समय पर आयोजित की जाती हैं।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. कौशल किशोर तिवारी ने किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।