बकरीद की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न, प्रशासन रहा अलर्ट

 

गोरखपुर। ईद-उल-जुहा (बकरीद) के अवसर पर थाना पिपराइच क्षेत्र में नमाज शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में अदा की गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।


नमाज के दौरान एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र, एडीएम प्रशासन डॉ. वैभव शर्मा एवं एसडीएम सदर दीपक गुप्ता स्वयं मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने नमाज स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि कहीं भी अव्यवस्था न फैलने पाए।


थाना पिपराइच की पुलिस फोर्स भी पूरी तरह सक्रिय रही। संवेदनशील स्थानों पर अतिरि पुलिस बल तैनात किया गया था, जबकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग की गई। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर शांति और भाईचारे का संदेश दिया।


प्रशासन की सतर्कता और बेहतर प्रबंधन के चलते पूरे क्षेत्र में नमाज शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई। कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
अधिकारियों ने आम जनता का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि त्योहारों को मिल-जुलकर और शांतिपूर्ण तरीके से मनाना ही समाज की असली ताकत है। उन्होंने भविष्य में भी इसी तरह सहयोग बनाए रखने की अपील की।