जमीन पर जबरन निर्माण का प्रयास, कार्रवाई न होने से बढ़े आरोपियों के हौसले

 
गोरखपुर (सहजनवा)। गीडा थाना क्षेत्र के नगवा गांव निवासी सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर अवैध कब्जा करने के प्रयास और झूठे एससी/एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने की धमकी दिए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी को दी गई तहरीर में सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि गांव स्थित उनकी पुश्तैनी भूमि (सिकमी संख्या-214) पर कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। उनका आरोप है कि 6 जून को विपक्षी पक्ष ने जमीन पर ईंट गिराकर निर्माण कार्य शुरू करने की कोशिश की। सूचना मिलने पर पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची तथा निर्माण कार्य रुकवाते हुए दोनों पक्षों को आवश्यक साक्ष्यों के साथ थाने पर उपस्थित होने का निर्देश दिया।

पीड़ित के अनुसार, 9 जून को विपक्षी पक्ष पुनः 15 से 20 लोगों के साथ मौके पर पहुंचा और जमीन पर पिलर गाड़कर दीवार निर्माण का प्रयास करने लगा। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए निर्माण सामग्री हटवाई और दोनों पक्षों को थाने बुलाया।

सुधीर कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि पूर्व में दी गई शिकायत पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण विपक्षी पक्ष का मनोबल बढ़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से झूठे एससी/एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी जा रही है।

पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने तथा उनके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।