अनिल गुप्ता के निधन से पत्रकारिता जगत में शोक, प्रेस क्लब में आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभा

 स्वतंत्र जनमित्र और स्वतंत्र जनभारती के संरक्षक अनिल गुप्ता के निधन पर गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में शोकसभा आयोजित हुई। पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।
 

गोरखपुर। स्वतंत्र जनमित्र और स्वतंत्र जनभारती के संरक्षक अनिल गुप्ता के आकस्मिक निधन पर गोरखपुर के पत्रकारों ने गहरा शोक व्यक्त किया। 58 वर्षीय अनिल गुप्ता के निधन की सूचना मिलते ही पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

पत्रकारों ने उनके सरल, मिलनसार और सहयोगी व्यक्तित्व को याद करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।

इस अवसर पर गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के सभागार में मान्यता प्राप्त समिति के अध्यक्ष डॉ. अरविंद राय की अध्यक्षता में शोकसभा आयोजित की गई। इसमें उपस्थित पत्रकारों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

शोकसभा में वक्ताओं ने कहा कि अनिल गुप्ता का व्यवहार बेहद सहज और आत्मीय था। स्वतंत्र जनमित्र और स्वतंत्र जनभारती के संरक्षक के रूप में उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा। पत्रकारों के साथ उनके मधुर संबंध थे और वे हमेशा सहयोग की भावना से लोगों से मिलते थे। उनके निधन से पत्रकारिता जगत ने एक ऐसे व्यक्ति को खो दिया है, जिनकी कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।

शोकसभा में प्रेस क्लब अध्यक्ष ओंकार धर द्विवेदी, उपाध्यक्ष धनेश निषाद, कोषाध्यक्ष दुर्गेश यादव, पूर्व अध्यक्ष रितेश मिश्रा, पूर्व मंत्री मनोज यादव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे। सभी ने अनिल गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।