अमटौरा गांव में छठ महापर्व की छटा, सैकड़ों महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य
गोरखपुर, पिपरौली। छठ महापर्व के अवसर पर अमटौरा गांव स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर पोखरे पर आस्था और श्रद्धा का दृश्य देखने को मिला। यहां सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना की। इस दौरान छठ घाट को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था।
शाम होते ही व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ घाट पर जुटने लगी। पूजा की तैयारियों के बीच बच्चों, बुजुर्गों, युवाओं और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे परिसर में छठ गीतों और धार्मिक माहौल के बीच पर्व की रौनक दिखाई दी।
मान्यता के अनुसार, छठ महापर्व में पहले दिन व्रती महिलाएं अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं। इसके अगले दिन सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय पर्व का समापन होता है। इसी परंपरा के तहत अमटौरा गांव में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
घाट पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव के बीट सिपाही अश्वनी कुमार चौरसिया और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्रीराम शर्मा उर्फ मोनू शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने पूजा के दौरान व्यवस्थाओं पर नजर रखी।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी रमेश गिरी, गुड़िया सिसौदिया, सानिध्य सिसौदिया, संगीता सिंह, यशस्वी, सार्थक सिंह, वामिका (नर्मदा सिसौदिया), माया देवी, धीरज निषाद, विशाल सिंह, महेश सिंह और विजय सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।