पति की हत्या के बाद छह बेटियों की जिम्मेदारी, चेयरमैन ने अंजनी देवी को दिया रोजगार का सहारा
घघसरा/गोरखपुर। सहजनवां विधानसभा क्षेत्र के सजनापार गांव निवासी अंजनी देवी के सामने पति की हत्या के बाद परिवार के भरण-पोषण की बड़ी जिम्मेदारी आ गई। कुछ महीने पहले उनके पति रणजीत की हत्या कर दी गई थी।
पति की मौत के बाद छह बेटियों की परवरिश और परिवार की जिम्मेदारी पूरी तरह अंजनी देवी के कंधों पर आ गई। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार का खर्च चलाना उनके लिए मुश्किल हो गया था।
अंजनी देवी की स्थिति की जानकारी मिलने पर नगर पंचायत घघसरा के चेयरमैन प्रभाकर दुबे ने मदद के लिए आगे आते हुए उन्हें नगर पंचायत में सफाई मित्र के पद पर रोजगार उपलब्ध कराया। रोजगार मिलने से अंजनी देवी को परिवार के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहारा मिला है।
चेयरमैन प्रभाकर दुबे ने कहा कि जरूरतमंद और असहाय परिवारों की मदद करना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्ग के लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाना चाहिए। रोजगार मिलने के बाद अंजनी देवी और उनकी छह बेटियों के सामने परिवार चलाने का संकट कुछ हद तक कम होने की उम्मीद जगी है।