गीडा क्षेत्र में ट्रेलर की ठोकर से बाइक सवार युवक की मौत! दो घायल,ट्रेलर पुलिस के कब्जे में, जांच शुरू...
सहजनवा गोरखपुर। थाना गीडा क्षेत्र के विकासखंड पिपरौली अंतर्गत ग्राम पंचायत जैतपुर के राजस्व ग्राम गौसपुर के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार तीन युवकों को ठोकर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान राहुल पुत्र जिआऊ के रूप में हुई है। वहीं घायलों में छोटू सिंह पुत्र जिआऊ और छोटू सिंह पुत्र गौरी सिंह शामिल हैं। तीनों की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है। तीनों युवक थाना खजनी, तहसील खजनी क्षेत्र के बसिया खोर के निवासी थे और एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। घटना के बाद मौके पर पहुंची गीडा पुलिस ने ट्रेलर नंबर (बीआर24 ,जी,डी, 4786 )को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना प्रभारी गीडा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। तथ्यों के अनुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और शांति बनाए रखने की अपील की है।