दिल्ली से लौटने पर शकुंतला देवी का भव्य स्वागत, सहजनवां से दावेदारी की चर्चा तेज

GeZ प्रोटेस्ट से लौटीं शकुंतला देवी, सहजनवां विधानसभा में दावेदारी की चर्चा तेज
 

गोरखपुर। दिल्ली में आयोजित GeZ प्रोटेस्ट में भाग लेकर गोरखपुर लौटीं महिला यूथ कांग्रेस की प्रदेश महासचिव एवं नगर पंचायत घघसरा की निवासिनी शकुंतला देवी का कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने भव्य स्वागत किया। उनके प्रथम आगमन पर समर्थकों ने फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

बताया गया कि शकुंतला देवी ने दिल्ली में आयोजित GeZ प्रोटेस्ट में सक्रिय भागीदारी की। आयोजनों में उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति उनकी भूमिका को लेकर समर्थकों में उत्साह है। वह पूर्व में नगर पंचायत घघसरा से चेयरमैन पद की प्रत्याशी भी रह चुकी हैं।

वहीं, सहजनवां विधानसभा क्षेत्र संख्या 324 से कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर उन्हें आश्वासन मिलने की चर्चा के बाद क्षेत्र की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। हालांकि, इस संबंध में पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा की पुष्टि नहीं हुई है।

स्वागत के दौरान शकुंतला देवी ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और महिलाओं की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए लगातार काम करती रहेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार जताते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर संघर्ष करने की बात कही।

सियासी जानकारों की नजर अब सहजनवां विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की आगामी रणनीति और संभावित प्रत्याशी को लेकर पार्टी के आधिकारिक फैसले पर टिकी है।