9 साल के मासूम की पीट-पीटकर हत्या, रास्ते में 8-9 युवकों ने लाठी-डंडों से किया हमला,थाना प्रभारी लाइन हाजिर!
गोरखपुर। पिपराइच थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां चौथी कक्षा में पढ़ने वाले 9 वर्षीय मासूम सरस सिंह की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई।
घटना उस समय हुई जब वह अपने मौसेरे भाई के साथ मौसा की दुकान पर जा रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे 8-9 युवकों ने दोनों पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सरस की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका मौसेरा भाई अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार, माधोपुर गांव निवासी राजू सिंह की बेला गांव में पान की दुकान है। उनकी पत्नी के मायके का बेटा सरस सिंह अपनी मां के निधन के बाद मौसी के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह एमडी पब्लिक स्कूल में कक्षा 4 का छात्र था।
शनिवार रात करीब 8:15 बजे सरस अपने 15 वर्षीय मौसेरे भाई शिवकुमार के साथ दुकान की ओर जा रहा था। घर से लगभग 500 मीटर दूर पहुंचते ही पहले से मौजूद 8-9 युवकों ने दोनों को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला शुरू कर दिया।
हमलावरों ने ईंट-पत्थरों से भी वार किए, जिससे सरस के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ा। शिवकुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों के अनुसार, जब वे दोनों घायलों को लेकर थाने की ओर जा रहे थे, तभी आरोपियों ने दोबारा हमला कर पथराव किया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां से उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रविवार सुबह इलाज के दौरान सरस सिंह की मौत हो गई, जबकि शिवकुमार का उपचार जारी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक के मौसा राजू सिंह ने आरोप लगाया कि विवाद की जानकारी पहले से पुलिस को थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने पहले सख्ती दिखाई होती तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पिपराइच थाना प्रभारी विवेक त्रिवेदी को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह झंगहा थाना प्रभारी अनुप सिंह को पिपराइच थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्षेत्राधिकारी कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि घायल बच्चे की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।