पढ़ाई के साथ संस्कार और भक्ति का पाठ, 82 विद्यार्थियों ने देखी ‘हनुमान अंश’ फिल्म

 

सहजनवां, गोरखपुर। विद्यार्थियों में संस्कार, आध्यात्मिकता और सेवा भावना विकसित करने के उद्देश्य से मुरारी इंटर कॉलेज की ओर से विशेष पहल की गई। विद्यालय की को-एजुकेटर टीम और प्रॉक्टोरियल बोर्ड टीम के लिए चयनित 82 छात्र-छात्राओं को सहजनवां स्थित हरिओम मल्टीप्लेक्स में ‘हनुमान अंश’ फिल्म दिखाई गई।

फिल्म नीब करौली बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक संदेशों पर आधारित है। फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को भक्ति, सेवा, अनुशासन और सकारात्मक जीवन मूल्यों से जुड़ने का संदेश दिया गया। इस दौरान चयनित छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के आयोजन में हरिओम मल्टीप्लेक्स, सहजनवां के एमडी प्रकाश सर्राफ का विशेष सहयोग रहा। फिल्म प्रदर्शन के बाद विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रसाद स्वरूप लड्डू वितरित किए गए।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मेजर साकेत जी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान प्रदान करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन, सेवा भावना और सकारात्मक जीवन मूल्यों का विकास करना भी जरूरी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायक फिल्म दिखाने की पहल की गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं।