सहजनवां में 70वीं प्रदेशीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का समापन, 696 खिलाड़ियों ने दिखाया दम

 

सहजनवां (गोरखपुर)। मुरारी इंटर कॉलेज, सहजनवां में पांच दिनों से चल रही 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालय ताइक्वांडो प्रतियोगिता-2026 का बुधवार को भव्य समारोह के साथ समापन हुआ। 3 से 7 अक्टूबर तक आयोजित इस प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के 16 मंडलों और एक कस्तूरबा गांधी विद्यालय की टीमों ने हिस्सा लिया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में बालक और बालिका खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में कुल 696 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें 333 बालक और 363 बालिकाएं शामिल रहीं। पांच दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और संघर्ष क्षमता का परिचय देते हुए पदकों के लिए जोरदार मुकाबले किए। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को रोमांचक बनाए रखा।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि सहजनवां के उपजिलाधिकारी नमन मेहता रहे। उन्होंने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित और माल्यार्पण कर समारोह का शुभारंभ किया। इसके बाद विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को सम्मानित किया गया। ध्वज अवरोहण के साथ पांच दिवसीय प्रतियोगिता का औपचारिक समापन हुआ।

उपजिलाधिकारी नमन मेहता ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों का उद्देश्य केवल पदक हासिल करना नहीं है, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष करने की क्षमता भी विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास और मेहनत के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

संयुक्त शिक्षा निदेशक गोरखपुर सतीश सिंह ने कहा कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना स्वयं में खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल प्रतिभा को लगातार निखारने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

इन टीमों ने हासिल किया ओवरऑल खिताब

बालिका वर्ग के अंडर-14 में कस्तूरबा गांधी विद्यालय ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब हासिल किया। टीम ने पांच स्वर्ण और दो कांस्य पदक जीते। अंडर-17 बालिका वर्ग में वाराणसी मंडल ने पांच स्वर्ण और एक कांस्य पदक के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-19 बालिका वर्ग में भी वाराणसी मंडल ओवरऑल विजेता रहा। टीम ने चार स्वर्ण और तीन कांस्य पदक अपने नाम किए।

बालक वर्ग में अंडर-14 का ओवरऑल खिताब मुरादाबाद मंडल के नाम रहा। टीम ने दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक हासिल किए। अंडर-17 बालक वर्ग में आगरा मंडल ने तीन स्वर्ण, दो रजत और तीन कांस्य पदकों के साथ ओवरऑल चैंपियनशिप जीती। अंडर-19 बालक वर्ग में गोरखपुर मंडल ने तीन स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य पदक हासिल कर ओवरऑल खिताब अपने नाम किया।

विजेता टीमों के कोच और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उपजिलाधिकारी नमन मेहता, संयुक्त शिक्षा निदेशक सतीश सिंह और जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने शील्ड और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया।

17 रेफरियों ने संभाली निर्णायक की जिम्मेदारी

प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के सफल संचालन में निर्णायकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। अलग-अलग मुकाबलों के लिए कुल 17 रेफरी तैनात रहे, जिनमें 14 पुरुष और तीन महिला रेफरी शामिल थीं। रेफरी टीम का नेतृत्व उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के संयुक्त सचिव मोहित कुमार ने किया। प्रतियोगिता के सफल संचालन में योगदान के लिए उन्हें आयोजकों की ओर से मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक गोरखपुर अजीत कुमार सिंह, विद्यालय प्रबंधक सत्य प्रकाश सिंह, प्रधानाचार्य मेजर साकेत, उपप्रधानाचार्य सुप्रिया सिंह, जुबली इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विश्व प्रकाश सिंह समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी, टीमों के कोच, रेफरी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।