दुकान से चोरी किए गए 41 नोजपिन व नकदी बरामद, अभियुक्त गिरफ्तार
गोरखपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए 41 पीली धातु के नोजपिन और 620 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को पीड़ित द्वारा कोतवाली थाने में तहरीर देकर बताया गया था कि 2 जुलाई को उसकी दुकान से अज्ञात चोर करीब 22 ग्राम सोने के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद चोरी कर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी रोहित वर्मा पुत्र स्वर्गीय बिहारी वर्मा निवासी अलीनगर कर्मियान टोला, थाना कोतवाली, जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी के 41 नोजपिन और 620 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आवश्यक धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।