देश में इंटरनेट सेवाओं की रैंकिंग जारी, एयरटेल ने पांचों मानकों पर हासिल की शीर्ष जगह

भारत में होम इंटरनेट सेवाओं की रैंकिंग में एयरटेल अव्वल, ओपनसिग्नल की रिपोर्ट में पांचों श्रेणियों में हासिल किया पहला स्थान
 

नई दिल्ली। भारत में फिक्स्ड ब्रॉडबैंड और होम इंटरनेट सेवाओं को लेकर जारी ओपनसिग्नल की नई रिपोर्ट में एयरटेल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया है। रिपोर्ट में एयरटेल, बीएसएनएल और जियो की सेवाओं का विश्वसनीयता, निरंतर गुणवत्ता, डाउनलोड एवं अपलोड स्पीड और वीडियो अनुभव जैसे प्रमुख मानकों पर तुलनात्मक विश्लेषण किया गया है। इसमें एयरटेल को पांचों प्रमुख श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ बताया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, इंटरनेट की विश्वसनीयता के मामले में एयरटेल ने जियो को 15 प्रतिशत से पीछे छोड़ा है। 100 से 1,000 के पैमाने पर एयरटेल को 486 अंक मिले, जबकि जियो का स्कोर 423 रहा। दोनों कंपनियों के बीच 63 अंकों का अंतर दर्ज किया गया। वहीं, इंटरनेट की समग्र गति के मामले में एयरटेल ने जियो से लगभग 26-27 प्रतिशत बेहतर प्रदर्शन किया। बीएसएनएल ने इंटरनेट स्पीड के मामले में दूसरा स्थान हासिल किया। उसकी डाउनलोड गति एयरटेल से 0.5 एमबीपीएस और अपलोड गति 0.8 एमबीपीएस कम रही।

फिक्स्ड वायरलेस इंटरनेट में भी एयरटेल का दबदबा

फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (एफडब्ल्यूए) यानी वायरलेस होम इंटरनेट सेवाओं की श्रेणी में भी एयरटेल ने अपना दबदबा कायम रखा। कंपनी ने इस श्रेणी के सभी पांच पुरस्कार अपने नाम किए। रिपोर्ट के मुताबिक, एयरटेल की औसत डाउनलोड स्पीड 32.4 एमबीपीएस और अपलोड स्पीड 20.7 एमबीपीएस रही। वहीं, जियो की डाउनलोड स्पीड 25.7 एमबीपीएस और अपलोड स्पीड 17.1 एमबीपीएस दर्ज की गई।

निरंतर गुणवत्ता के मामले में एयरटेल के 66.2 प्रतिशत परीक्षण निर्धारित मानकों पर खरे उतरे, जबकि जियो का आंकड़ा 55 प्रतिशत रहा। इस तरह दोनों कंपनियों के बीच 11.2 प्रतिशत अंकों का अंतर रहा। एफडब्ल्यूए सेवाओं की विश्वसनीयता के मामले में भी एयरटेल को 450 अंक मिले, जबकि जियो 382 अंकों पर रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, एयरटेल का प्रदर्शन जियो से करीब 18 प्रतिशत बेहतर रहा।

ओपनसिग्नल की इस रिपोर्ट में सामने आए आंकड़े भारतीय ब्रॉडबैंड बाजार में कंपनियों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा और बेहतर इंटरनेट सेवाएं उपलब्ध कराने की होड़ को दर्शाते हैं।