हरिद्वार के चंडी घाट पर पंचतत्व में विलीन हुईं सावित्री देवी, मां को अंतिम विदाई देते भावुक हुए योगी आदित्यनाथ

पौड़ी के पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार पहुंची अंतिम यात्रा, सीएम धामी, दोनों डिप्टी सीएम और संत-महात्माओं सहित कई प्रमुख हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
 

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट पर पंचतत्व में विलीन हो गईं। छोटे बेटे महेंद्र मोहन बिष्ट ने वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक रीति-रिवाजों के बीच उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक नजर आए। उन्होंने मां की अर्थी को कंधा दिया और चिता की परिक्रमा कर नम आंखों से अंतिम विदाई दी।

 

सावित्री देवी की अंतिम यात्रा उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई थी। मुख्यमंत्री योगी भी पार्थिव शरीर के साथ हरिद्वार पहुंचे। गांव से निकलते समय उन्होंने मां की अर्थी को कंधा दिया और एंबुलेंस तक पहुंचाया। चंडी घाट पर भी वह अंतिम यात्रा में शामिल रहे। मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित करने के बाद कुछ देर तक उनके पास खड़े रहे। इस दौरान कई बार उनकी आंखें नम हुईं और वह रुमाल से आंसू पोंछते दिखाई दिए।

 

परिजनों के अनुसार, मुख्यमंत्री रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे। उन्होंने मां के अंतिम समय और उनकी देखभाल से जुड़ी जानकारी भी परिवार के सदस्यों से ली। अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक क्षेत्र के लोग पहुंचे।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और संजय निषाद सहित 50 से अधिक विशिष्ट लोग अंतिम विदाई में शामिल हुए। गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने भी चंडी घाट पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।

विभिन्न अखाड़ों के संत-महात्माओं की मौजूदगी में 13 अखाड़ों के आचार्य और श्रीमहंतों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अंतिम संस्कार की रस्में संपन्न कराईं। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष चिदानंद सरस्वती भी इस दौरान मौजूद रहे। धार्मिक अनुष्ठान के लिए करीब 100 किलोग्राम घी और इतनी ही मात्रा में हवन सामग्री की व्यवस्था की गई थी।

मुख्यमंत्री की मां के निधन पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शोक जताते हुए इसे परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि मां का आशीर्वाद व्यक्ति के जीवन में सबसे महत्वपूर्ण होता है और इस कमी को पूरा नहीं किया जा सकता।

योगी आदित्यनाथ ने मां को कंधा देते हुए अपनी तस्वीर सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा की। इसके साथ उन्होंने महाभारत के एक श्लोक के माध्यम से मां के महत्व को व्यक्त किया। सावित्री देवी के अंतिम संस्कार के दौरान चंडी घाट पर बड़ी संख्या में लोग जुटे और नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी।