भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला, पुलिस ने शुरू की जांच

 संगरूर में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला, विस्फोट के बाद मची सनसनी
 
संगरूर में भाजपा कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला, विस्फोट के बाद दीवारों पर पोता काला पेंट

पंजाब (संगरूर)। पंजाब के संगरूर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यालय पर पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कार्यालय परिसर में विस्फोट हुआ और आग लग गई। हमलावरों ने कार्यालय की दीवारों पर काला पेंट भी पोत दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रविवार तड़के करीब तीन बजे अज्ञात व्यक्ति ने कांच की बोतल में पेट्रोल भरकर भाजपा कार्यालय की ओर फेंका। बोतल दीवार से टकराते ही उसमें आग लग गई, जिससे कार्यालय के बाहरी हिस्से में भी आग फैल गई। आग से दीवारों पर काले निशान पड़ गए। हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच के लिए सुरक्षित कर लिया गया है।

संगरूर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) देवेंद्र अत्री ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के पीछे राजनीतिक रंजिश है या कोई अन्य कारण। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

भाजपा कार्यालय पर हुए इस हमले के बाद राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।