जम्मू-कश्मीर में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, पहाड़ी रास्तों पर बढ़ेगा खतरा
जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। इसके प्रभाव से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, 12 और 13 नवंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, कुपवाड़ा, बांडीपोरा और गांदरबल के ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी की संभावना है। पुंछ और आसपास के क्षेत्रों में भी मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया गया है।
पीर की गली में दो इंच बर्फ जमा
मौसम में बदलाव का असर दिखना शुरू हो गया है। श्रीनगर में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि कुपवाड़ा के माछिल क्षेत्र के कटवारी गांव और शोपियां की पीर की गली में ताजा बर्फबारी हुई है। पीर की गली में करीब दो इंच बर्फ जम चुकी है।
तेज हवाओं और ओलावृष्टि की भी चेतावनी
मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई है। मौसम में इस बदलाव के कारण दिन के तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे घाटी में ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।
पर्यटकों और यात्रियों के लिए एडवाइजरी
ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के कारण पहाड़ी दर्रों और सड़कों पर यातायात बाधित हो सकता है। फिसलन बढ़ने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में पर्यटकों और यात्रियों को यात्रा से पहले यातायात विभाग की एडवाइजरी देखने की सलाह दी गई है।
किसानों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को 12 और 13 नवंबर के दौरान काटकर तैयार रखी गई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी है, ताकि बारिश से कृषि उत्पादों को नुकसान न पहुंचे।
20 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 14 और 15 नवंबर को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं, 16 से 20 नवंबर तक जम्मू-कश्मीर में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने की संभावना है।
इस बीच गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री रहा। सुबह और शाम के समय ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है।