उत्तरकाशी में भारी बारिश का कहर, गंगोत्री और यमुनोत्री मार्ग बंद

 भूस्खलन से चारधाम यात्रा में बाधा, कई जगह बंद हुए राष्ट्रीय राजमार्ग
 
चारधाम यात्रा पर बारिश का कहर, गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे पर कई स्थानों पर भूस्खलन, यातायात बाधित

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जनपद में लगातार हो रही मानसूनी बारिश ने चारधाम यात्रा को प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के कारण गंगोत्री और यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। प्रशासन ने यात्रियों और श्रद्धालुओं से यात्रा शुरू करने से पहले मार्ग की ताजा स्थिति की जानकारी लेने तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सिलाई बैंड और स्यानाचट्टी के पास भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिरने से बंद हो गया है। वहीं गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भटवाड़ी क्षेत्र में भूस्खलन की चपेट में आ गया है, जहां पहाड़ी से लगातार मलबा और पत्थर गिर रहे हैं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने इन मार्गों पर आवाजाही रोक दी है।

आपदा प्रबंधन केंद्र के अनुसार, यमुनोत्री हाईवे ओरछा बैंड, पाली जीरो प्वाइंट, सिलाई बैंड, स्यानाचट्टी तथा दुर्बिल और जंगलचट्टी के बीच कई स्थानों पर भूस्खलन के कारण अवरुद्ध है। विशेष रूप से सिलाई बैंड में लगातार पत्थर गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग की टीम को मलबा हटाने और यातायात बहाल करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग और प्रशासन की टीमें मशीनों के साथ मौके पर पहुंच गईं। युद्धस्तर पर मलबा हटाने का कार्य जारी है ताकि दोनों प्रमुख मार्गों पर जल्द से जल्द यातायात बहाल किया जा सके।

प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं और अन्य यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले मार्ग की स्थिति की आधिकारिक जानकारी अवश्य प्राप्त करें। साथ ही मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।