उत्तराखंड में मौसम का डबल अटैक! पहाड़ों में माइनस 4 डिग्री पहुंचा पारा, देहरादून में गर्मी का एहसास
देहरादून। उत्तराखंड में नवंबर का तीसरा सप्ताह बीतने के बावजूद सर्दी ने अभी पूरी तरह दस्तक नहीं दी है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में दिन के समय तेज धूप निकलने से गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में सूरज ढलते ही ठंड का असर बढ़ने लगा है। ऊंचाई वाले इलाकों में रात का तापमान शून्य से चार डिग्री सेल्सियस नीचे तक पहुंच गया है।
मौसम के इस बदले मिजाज के बीच देहरादून में रविवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। इससे दिन में लोगों को हल्की गर्मी, जबकि सुबह और रात के समय ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
पहाड़ी क्षेत्रों में तेजी से गिर रहा तापमान
प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में सर्दी का असर मैदानी क्षेत्रों की तुलना में अधिक दिखाई दे रहा है। औली और मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान शून्य से चार डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। वहीं मुक्तेश्वर में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री और चकराता में एक डिग्री सेल्सियस रहा। नई टिहरी में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश नहीं होने से दिन में बनी हुई गर्माहट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश की संभावना कम है। 28 नवंबर तक अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। बारिश नहीं होने के कारण दिन के तापमान में बड़ी गिरावट के आसार नहीं हैं। हालांकि, पहाड़ी जिलों की घाटियों में सुबह के समय हल्का कोहरा या धुंध छाने की संभावना है।
धीरे-धीरे बढ़ेगा ठंड का असर
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक पहाड़ी क्षेत्रों में रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी रह सकता है। आने वाले दिनों में सुबह और शाम की ठंड बढ़ने के साथ मैदानी इलाकों में भी सर्दी का प्रभाव महसूस होने लगेगा। ऐसे में प्रदेश में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर मैदानी क्षेत्रों में दिन की धूप राहत दे रही है, तो दूसरी ओर ऊंचाई वाले इलाकों में रात का तापमान लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर रहा है।