रांची छात्र आंदोलन का 'Code of Conduct' बना चर्चा का विषय, अनुशासित प्रदर्शन की हो रही सराहना

 रांची में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में चल रहे छात्र आंदोलन का Code of Conduct सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। अनुशासित और शांतिपूर्ण प्रदर्शन की लोग सराहना कर रहे हैं।
 
रांची छात्र आंदोलन का 'Code of Conduct' बना चर्चा का विषय, अनुशासित प्रदर्शन की हो रही सराहना

रांची। झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ जारी छात्र आंदोलन के बीच प्रदर्शनकारियों का 'Code of Conduct' सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इस पोस्टर में आंदोलन में शामिल सभी लोगों के लिए चार स्पष्ट नियम तय किए गए हैं, जिन्हें कई लोग शांतिपूर्ण और अनुशासित विरोध प्रदर्शन का उदाहरण बता रहे हैं।

पोस्टर में सबसे पहले स्पष्ट किया गया है कि आंदोलन के मंच का उपयोग केवल आंदोलन के मूल उद्देश्य के लिए किया जाएगा। मंच से किसी भी प्रकार की राष्ट्रीय, राष्ट्र-विरोधी, राजनीतिक या जातिगत टिप्पणी नहीं करने की अपील की गई है।

दूसरे नियम के तहत प्रदर्शनकारियों से कहा गया है कि वे केवल JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और भर्ती अनियमितताओं से जुड़े मुद्दों पर ही अपनी बात रखें, ताकि आंदोलन का फोकस अपने मूल उद्देश्य पर बना रहे।

पोस्टर में यह भी निर्देश दिया गया है कि किसी व्यक्ति पर बिना प्रमाण आरोप लगाने या आपत्तिजनक टिप्पणी करने से बचें। आंदोलन के दौरान संयमित भाषा और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने पर विशेष जोर दिया गया है।

आचार संहिता के अंतिम बिंदु में सभी प्रतिभागियों से संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें रखने की अपील की गई है। आंदोलनकारियों का कहना है कि यह कोड ऑफ कंडक्ट आंदोलन को शांतिपूर्ण, मर्यादित और उद्देश्यपूर्ण बनाए रखने के लिए तैयार किया गया है।

सोशल मीडिया पर इस पोस्टर को लेकर व्यापक चर्चा हो रही है। कई यूजर्स इसे विरोध प्रदर्शन के दौरान अनुशासन और जिम्मेदारी का सकारात्मक उदाहरण बता रहे हैं।

- अनुष्का ठाकुर