धनबाद पुलिस को मिली 122 हाईटेक पेट्रोलिंग बाइक, अपराध नियंत्रण होगा और तेज
धनबाद। झारखंड के धनबाद में पुलिसिंग को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। बुधवार को पुलिस केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने 112 पेट्रोलिंग बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जिले के सभी थानों को कुल 122 अत्याधुनिक बाइक उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे अपराध नियंत्रण और पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को और मजबूत किया जाएगा।
इन हाईटेक बाइकों में सायरन, ब्लिंकर्स और जीपीएस जैसी आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। खास बात यह है कि इनकी निगरानी सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से की जा सकेगी, जिससे किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भी थानों और सिटी हॉक्स टीम को नई बाइक दी गई थीं। अब धनबाद पुलिस के पास करीब 250 पेट्रोलिंग बाइक हो चुकी हैं, जो शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार गश्त करेंगी।
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि इन बाइकों का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना है। जिन स्थानों पर चारपहिया वाहन तेजी से नहीं पहुंच पाते, वहां अब बाइक पेट्रोलिंग के जरिए तुरंत कार्रवाई की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि धनबाद में 112 सेवा का रिस्पॉन्स टाइम अब 10 मिनट से भी कम हो गया है, जो पूरे झारखंड में बेहतर माना जा रहा है।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि अपराधी लगातार नई तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे हैं, इसलिए पुलिस को भी आधुनिक संसाधनों से लैस किया जा रहा है। कंट्रोल रूम को भी हाईटेक बनाया गया है, जहां से जिलेभर की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। प्रशासन का कहना है कि इन प्रयासों का मकसद पुलिसिंग को और प्रभावी बनाना तथा अपराध पर तेजी से नियंत्रण स्थापित करना है।