मुंबई इंडियंस में रोहित युग की वापसी, IPL 2027 में फिर संभालेंगे कप्तानी

पांच बार के चैंपियन कप्तान की वापसी, IPL 2027 में रोहित करेंगे मुंबई का नेतृत्व
 

मुंबई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा फैसला लेते हुए अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को एक बार फिर टीम की कप्तानी सौंप दी है। करीब तीन साल बाद रोहित की मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में वापसी हुई है। फ्रेंचाइजी ने शुक्रवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। रोहित अब आगामी सीजन में टीम की अगुवाई करते नजर आएंगे।

रोहित शर्मा को दिसंबर 2023 में मुंबई इंडियंस की कप्तानी से हटाकर हार्दिक पांड्या को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हार्दिक की कप्तानी में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। IPL 2024 में मुंबई इंडियंस अंक तालिका में आखिरी स्थान पर रही थी। वहीं, 2025 में टीम ने प्लेऑफ तक का सफर तय किया, लेकिन 2026 में एक बार फिर उसका प्रदर्शन निराशाजनक रहा। टीम 14 मुकाबलों में सिर्फ चार जीत के साथ नौवें स्थान पर रही।

इस बीच हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड कर दिया गया, जबकि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मुंबई इंडियंस से जुड़ गए। हार्दिक के जाने के बाद टीम में कप्तानी का पद खाली हो गया था। अब फ्रेंचाइजी ने इस जिम्मेदारी के लिए अपने सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा पर भरोसा जताया है।

रोहित की कप्तानी में मुंबई ने जीते पांच IPL खिताब

रोहित शर्मा का मुंबई इंडियंस के साथ कप्तान के रूप में शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने 2013 में टीम की कमान संभाली थी और उसी साल मुंबई को पहला IPL खिताब दिलाया था। इसके बाद 2015, 2017, 2019 और 2020 में भी टीम चैंपियन बनी। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने कुल पांच बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की। इस उपलब्धि के साथ वह महेंद्र सिंह धोनी के बराबर IPL इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं।

रोहित ने 2013 से 2023 तक मुंबई इंडियंस की 158 मैचों में कप्तानी की, जिनमें टीम को 87 मुकाबलों में जीत मिली। अब एक बार फिर उनके नेतृत्व में मुंबई इंडियंस छठा खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

पोलार्ड के साथ नई रणनीति बनाने की चुनौती

IPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव किए हैं। कीरोन पोलार्ड को मुख्य कोच की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रॉबिन उथप्पा बल्लेबाजी कोच और मिचेल मैक्लेनाघन गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाएंगे। ऐसे में रोहित शर्मा और पोलार्ड की पुरानी जोड़ी से टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

मुंबई इंडियंस पिछले छह साल से IPL खिताब जीतने का इंतजार कर रही है। ऐसे में रोहित की वापसी को टीम के लिए नए अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है। अब देखना होगा कि पांच बार टीम को चैंपियन बना चुके रोहित एक बार फिर मुंबई को खिताबी सफलता दिला पाते हैं या नहीं।