MS Dhoni IPL Retirement: पीली जर्सी में अब नहीं दिखेंगे माही! CSK में नई जिम्मेदारी के साथ शुरू करेंगे दूसरी पारी
चेन्नई। इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स की पहचान बन चुके महेंद्र सिंह धोनी अब नए किरदार में नजर आएंगे। IPL 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें टीम का मेंटर नियुक्त करने का ऐलान किया है।
इस फैसले के साथ ही उनके बतौर खिलाड़ी IPL करियर के समाप्त होने की बात सामने आई है। अब तक मैदान पर अपने फैसलों और कप्तानी से टीम को दिशा देने वाले धोनी आगामी सत्र में खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करते दिखाई देंगे।
चेन्नई सुपर किंग्स के साथ धोनी का रिश्ता करीब दो दशक पुराना है। वर्ष 2008 में IPL की शुरुआत से ही वह इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे हैं। उनकी कप्तानी में CSK ने पांच बार IPL का खिताब अपने नाम किया।
टीम ने कई मुश्किल दौर देखे, लेकिन धोनी के नेतृत्व में फ्रेंचाइजी ने अपनी अलग पहचान कायम रखी। अब उनकी भूमिका बदलने जा रही है, लेकिन टीम के साथ उनका जुड़ाव बरकरार रहेगा।
OFFICIAL ANNOUNCEMENT 🦁💛 A once-in-a-lifetime player. A new role. A bond that lasts forever 💛 Mahendra Singh Dhoni takes charge as the Team Mentor of Chennai Super Kings! Through countless victories, challenging times, and memories that will stay in our hearts forever, MS has been at the heart of our journey from the very beginning. From leading us to glory to guiding the next generation of Super Kings, Thala will always be a part of our identity. And Chennai will always be his home. Read more : https://t.co/YKsoHYE51A #WhistlePodu
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) November 17, 2026
CSK प्रबंधन ने बताया धोनी को टीम की पहचान
फ्रेंचाइजी के मालिक एन. श्रीनिवासन ने धोनी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके बिना चेन्नई सुपर किंग्स की कल्पना करना मुश्किल है। उन्होंने 2008 में धोनी को टीम से जोड़ने के फैसले को अपने सबसे अच्छे फैसलों में से एक बताया। उनके मुताबिक, धोनी की उपलब्धियों के साथ-साथ उनका व्यक्तित्व और टीम के प्रति प्रतिबद्धता भी उन्हें खास बनाती है।
वहीं, CSK की मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा कि धोनी जैसा खिलाड़ी जिंदगी में कभी-कभार ही मिलता है। उन्होंने टीम की नींव रखने और मैदान के अंदर तथा बाहर योगदान देने के लिए धोनी का आभार जताया। उनके अनुसार, मेंटर की भूमिका में धोनी का अनुभव युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में मददगार साबित होगा।
टीम के मैनेजिंग डायरेक्टर केएस विश्वनाथन ने भी धोनी की विरासत को याद किया। उन्होंने कहा कि धोनी की पहचान केवल जीती गई ट्रॉफियों से नहीं है, बल्कि टीम ने जिस अंदाज में सफलताएं हासिल कीं, उसमें भी उनका बड़ा योगदान रहा है। मैदान पर पीली जर्सी में उन्हें नहीं देख पाना प्रशंसकों के लिए भावुक पल होगा, लेकिन टीम के साथ उनका अनुभव आगे भी बना रहेगा।
आंकड़ों में दर्ज है माही का शानदार IPL सफर
महेंद्र सिंह धोनी ने अपने IPL करियर में 278 मुकाबले खेले और 242 पारियों में 5,439 रन बनाए। उनका बल्लेबाजी औसत 38.30 और स्ट्राइक रेट 137.45 रहा। इस दौरान उन्होंने 24 अर्धशतक लगाए। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 84 रन रहा। धोनी के बल्ले से 375 चौके और 264 छक्के निकले।
विकेटकीपर के रूप में भी उनका प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। IPL में उन्होंने 158 कैच पकड़े और 47 खिलाड़ियों को स्टंप आउट किया। कई मौकों पर उनकी तेज स्टंपिंग और मैच की परिस्थितियों को समझने की क्षमता ने टीम को अहम मुकाबलों में फायदा पहुंचाया।
पांच बार CSK को बनाया चैंपियन
धोनी ने 2008 से 2025 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी करते हुए 244 मुकाबलों में टीम का नेतृत्व किया। इनमें CSK को 145 मैचों में जीत मिली, जबकि 96 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। एक मैच टाई रहा और दो मुकाबले बेनतीजा रहे। उनकी कप्तानी में टीम ने पांच बार IPL ट्रॉफी जीती।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी धोनी का नाम भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शामिल है। उनकी कप्तानी में भारत ने 2007 का टी-20 विश्व कप, 2011 का वनडे विश्व कप और 2013 की चैंपियंस ट्रॉफी जीती। 15 अगस्त 2020 को उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी।
अब IPL में भी उनकी भूमिका बदलने जा रही है। प्रशंसकों के लिए मैदान पर धोनी को बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग करते देखना भले ही यादों का हिस्सा बन जाए, लेकिन मेंटर के रूप में उनका अनुभव चेन्नई सुपर किंग्स की अगली पीढ़ी को तैयार करने में अहम भूमिका निभा सकता है।