काशी से मथुरा तक गूंजी भक्ति, बाबा विश्वनाथ ने लड्डू गोपाल को भेजा उपहार

एक तरफ बाबा विश्वनाथ, दूसरी ओर लड्डू गोपाल... जन्माष्टमी पर काशी-मथुरा में दिखा अद्भुत संगम
 
काशी के बाबा विश्वनाथ ने मथुरा के लड्डू गोपाल को भेजा उपहार, 100 से ज्यादा मंदिर हुए शामिल

वाराणसी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर काशी और मथुरा के आराध्यों के बीच भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक समन्वय की अनूठी परंपरा को आगे बढ़ाया गया। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम की ओर से भगवान श्रीलड्डू गोपाल के लिए विशेष उपहार सामग्री श्रीकृष्ण जन्मस्थान, मथुरा भेजी गई। उपहार को मथुरा रवाना करने से पहले श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया।

वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उपहार सामग्री बाबा विश्वनाथ को अर्पित की गई। इसके बाद इसे मथुरा के लिए रवाना किया गया। इस वर्ष काशी-मथुरा के बीच इस आध्यात्मिक पहल को देश की सीमाओं से बाहर तक विस्तार दिया गया है। उपहार सामग्री के साथ 15 देशों के 100 से अधिक देवालयों के श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभकामना संदेश भी श्रीकृष्ण जन्मस्थान भेजे गए हैं।

2024 में शुरू हुई थी परंपरा

काशी और मथुरा के आराध्यों के बीच भेंट एवं श्रद्धा संदेशों के आदान-प्रदान की यह परंपरा वर्ष 2024 में शुरू हुई थी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर पहली बार श्रीकाशी विश्वनाथ धाम से भगवान श्री विश्वेश्वर की ओर से श्रीकृष्ण जन्मस्थान में विराजमान लड्डू गोपाल के लिए विशेष उपहार भेजा गया था। इसके बाद रंगभरी एकादशी के अवसर पर भी दोनों तीर्थस्थलों के बीच भेंट और श्रद्धा संदेशों का आदान-प्रदान किया गया।

सनातन तीर्थों के बीच आध्यात्मिक संवाद का प्रयास

श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य केवल उपहारों का आदान-प्रदान करना नहीं है, बल्कि सनातन परंपरा के प्रमुख तीर्थस्थलों के बीच आध्यात्मिक संवाद, सांस्कृतिक समन्वय और आपसी जुड़ाव को मजबूत करना है। इसी उद्देश्य से इस वर्ष इस पहल को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक विस्तार दिया गया।

मंदिर न्यास ने अपने संस्थागत ज्ञान साझेदार टेंपल कनेक्ट के सहयोग से विभिन्न देशों के देवालयों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभकामना संदेश मंगवाए। अब तक 15 देशों के 100 से अधिक देवालयों से संदेश प्राप्त हो चुके हैं। इन संदेशों को भी श्रीकाशी विश्वनाथ धाम की ओर से भेजी गई भेंट सामग्री के साथ मथुरा पहुंचाया गया है।

इस पहल के माध्यम से काशी और मथुरा के बीच सदियों पुराने आध्यात्मिक संबंधों को नई दिशा देने के साथ ही देश-विदेश के सनातन मंदिरों को एक साझा धार्मिक एवं सांस्कृतिक संवाद से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।