चार माह बाद खत्म होगा चातुर्मास, देवउठनी एकादशी से गूंजेंगी शहनाइयां

 

 वाराणसी। सनातन धर्म में विशेष धार्मिक महत्व रखने वाली देवोत्थान एकादशी इस वर्ष 20 नवंबर, शुक्रवार को मनाई जाएगी। चातुर्मास के चार माह की योगनिद्रा के बाद इस दिन भगवान विष्णु के जागने की मान्यता है। देवोत्थान एकादशी के साथ ही विवाह समेत अन्य मांगलिक कार्यों पर लगा विराम समाप्त हो जाएगा। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में तुलसी-शालिग्राम विवाह सहित विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी।

एकादशी तिथि 19 नवंबर की रात करीब दो बजे शुरू होकर 20 नवंबर की रात लगभग दो बजे तक रहेगी। इस दिन दोपहर 2:25 बजे के बाद भद्रा लग जाएगी। ऐसे में तुलसी विवाह और गन्ने का नेवान भद्रा शुरू होने से पहले करना उचित होगा। एकादशी व्रत का पारण 21 नवंबर, शनिवार को सुबह किया जाएगा।

भगवान विष्णु के जागरण का पर्व है देवोत्थान एकादशी

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु क्षीरसागर में चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को उनका जागरण होता है। इसी कारण इस तिथि को देवोत्थान या देवउठनी एकादशी कहा जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की विशेष पूजा की जाती है। मान्यता है कि उनके जागने के साथ ही विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाती है।

तुलसी और शालिग्राम के विवाह का विशेष महत्व

देवोत्थान एकादशी पर माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराने की परंपरा है। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में तुलसी के पौधे को आकर्षक मंडप से सजाया जाता है। इसके बाद पारंपरिक विवाह की तरह पूजा-अर्चना और अन्य धार्मिक रस्में निभाई जाती हैं। धार्मिक मान्यता में तुलसी विवाह को कन्यादान के समान पुण्यदायी माना गया है।

गन्ने का मंडप बनाकर किया जाता है पूजन

इस दिन गन्ने का मंडप बनाकर भगवान विष्णु की पूजा करने और उन्हें नेवान अर्पित करने की भी परंपरा है। श्रद्धालु विधि-विधान से पूजा कर परिवार की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करते हैं। देवोत्थान एकादशी का पर्व धार्मिक आस्था के साथ ही भारतीय पारंपरिक संस्कृति और पारिवारिक उत्सवों का भी प्रतीक माना जाता है।