उद्धव ठाकरे कैबिनेट का बड़ा फैसला, औरंगाबाद शहर का नाम संभाजीनगर होगा, उस्मानाबाद का भी नाम बदला
कुर्सी पर संकट के बीच महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. कैबिनेट ने औरंगाबाद शहर का नाम 'संभाजीनगर' रखने की स्वीकृति दी है. वहीं उस्मानाबाद शहर का नाम 'धाराशिव' कर दिया गया है.
नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का नाम बदलकर स्वर्गीय डीबी पाटिल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए स्वीकृति दी गई है.
बता दें कि औरंगाबाद शहर का नाम बदलने को लेकर लंबे समय से मांग उठ रही थी. सूत्रों के मुताबिक, कैबिनेट की बैठक के दौरान कई मंत्रियों ने नाम बदलने को लेकर आपत्ति जताई.
महाराष्ट्र सरकार ने ये फैसले ऐसे समय में लिए हैं जब राज्यपाल ने गुरुवार को फ्लोर टेस्ट का सामना करने के लिए कहा है.
हालांकि शिवसेना ने इस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है. अगर शीर्ष अदालत का फैसला पक्ष में नहीं आया तो उद्धव ठाकरे को कुर्सी गंवानी पड़ सकती है.
इस बीच कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा आपने ढाई साल मेरा सहयोग किया. आभारी हूं. इन ढाई साल में मुझसे गलती हुई हो, अपमान हुआ हो तो माफ़ी चाहता हूं.