नवरात्रि और दीपावली को लेकर नजीराबाद थाने में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

नजीराबाद में शांति समिति की बैठक, त्योहारों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

 

नजीराबाद। आगामी नवरात्रि और दीपावली के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए नजीराबाद पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना प्रभारी सहवाज खान ने समिति के सदस्यों और नगरवासियों से त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

बैठक के दौरान दुर्गा पूजा पंडालों और झांकियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने आयोजकों को बिजली की लाइट और अन्य विद्युत उपकरणों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पंडालों के आसपास पानी और रेत की व्यवस्था रखने की अपील की, ताकि आग लगने जैसी घटनाओं की स्थिति में तत्काल बचाव के उपाय किए जा सकें।

थाना प्रभारी सहवाज खान ने कहा कि नवरात्रि के दौरान रात में होने वाली आरती और अन्य धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर छोटे बच्चे शामिल होते हैं। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देना चाहिए। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों को अकेला न छोड़ें और उनके आने-जाने पर नजर रखें।

उन्होंने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान भी सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि विसर्जन के समय छोटे बच्चों को अपने साथ पानी में न ले जाएं और जलाशयों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर रहेगी पुलिस की नजर

पत्रकारों से बातचीत के दौरान थाना प्रभारी ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए पुलिस क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। नवरात्रि के दौरान दुर्गा पंडालों और झांकियों के आसपास शराब पीकर हुड़दंग करने तथा शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने और उत्पात मचाने वालों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी ने नगरवासियों से अपील की कि वे त्योहारों को आपसी सद्भाव और जिम्मेदारी के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। बैठक का उद्देश्य त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना रहा।