एक शख्स ने पत्नी को गिफ्ट में दिया ताजमहल जैसा घर, देखकर हर कोई हो जाता है हैरान, इतने सालो में बनकर हुआ तैयार

 

भोपाल। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में एक शख्स ने आगरा के मशहूर ताजमहल की प्रतिकृति को आलीशान घर के तौर पर बनाकर पत्नी को गिफ्ट दिया है। मुगल शासक शाहजहां ने अपनी पत्नी के लिए प्यार के प्रतीक के रूप में ताजमहल बनवाया था।

यह इमारत भी देखने में हूबहू वैसी ही लग रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार इस कमरे में चार बेडरूम हैं। दरअसल बुरहानपुर के रहने वाले आनंद चोकसे हमेशा सोचते रहते थे कि उनके शहर बुरहानपुर में ताजमहल क्यों नहीं बनाया गया, क्योंकि शाहजहां की पत्नी मुमताज की मौत उसी शहर में हुई थी। ये भी कहा जाता है कि ताजमहल का निर्माण पहले ताप्ती नदी के किनारे होना था लेकिन बाद में इसे आगरा में बनाया गया।

ताजमहल की नकल के तौर पर इस मकान को बनाने वाले इंजीनियर ने कहा कि इसे बनाने में कई चुनौतियां थी। उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्होंने असली ताजमहल का बारीकी से अध्ययन किया। उन्होंने घर के अंदर नक्काशी के लिए बंगाल और इंदौर के इस क्षेत्र के कारीगरों से मदद भी मांगी।घर का गुंबद 29 फीट की ऊंचाई पर है।

इसमें ताजमहल जैसे मीनार की हूबहू नकल है। घर का फर्श राजस्थान के 'मकराना' से बनाया गया है। वहीं, फर्नीचर मुंबई के कारीगरों द्वारा तैयार किया गया है।मकान में एक बड़ा हॉल, नीचे 2 बेडरूम और ऊपर 2 बेडरूम हैं।

इसके अलावा एक लाइब्रेरी और एक ध्यान कक्ष भी मकान में बनाया गया है। इतना ही नहीं घर के अंदर और बाहर दोनों जगह लाइटिंग इस तरह से की जाती है कि यह घर असली ताजमहल की तरह ही अंधेरे में चमकता रहे।गौरतलब है कि बुलंदशहर के एक शख्स ने भी कुछ साल पहले अपनी पत्नी की याद में ताजमहल की नकल बनाने का प्रयास किया था।