गोवर्धन पूजा पर गायों के बीच पहुंचे पीएम मोदी, सोशल मीडिया पर साझा कीं खास तस्वीरें

देशवासियों को दी पर्व की शुभकामनाएं, सुख-समृद्धि और नई ऊर्जा की कामना के साथ भगवान श्रीकृष्ण की स्तुति में संस्कृत श्लोक भी किया साझा
 

नई दिल्ली। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें वह गायों और उनके बछड़ों को घास खिलाते नजर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री की इन तस्वीरों के साथ साझा किया गया संदेश गोवर्धन पूजा के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को भी दर्शाता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने तस्वीरें साझा करते हुए कामना की कि गोवर्धन पूजा का यह पावन पर्व सभी के जीवन में शांति, सुख और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह त्योहार लोगों के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे तथा सभी के सुख, सौभाग्य और समृद्धि का विस्तार हो।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने भगवान श्रीकृष्ण की स्तुति में एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया। उन्होंने लिखा, "आभीरनगरीप्राणप्रियं सत्यपराक्रमम्। स्वभृत्यभयभेत्तारं गोवर्धनधरं भजे॥" इस श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण के गोवर्धनधारी स्वरूप की महिमा का वर्णन किया गया है। इसका भावार्थ है कि भगवान श्रीकृष्ण ब्रजवासियों के अत्यंत प्रिय हैं और अपने भक्तों के भय तथा संकट दूर करने वाले हैं।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने देवराज इंद्र के अहंकार को समाप्त करने और ब्रजवासियों को मूसलधार बारिश से बचाने के लिए अपनी छोटी उंगली पर गोवर्धन पर्वत धारण किया था। इसी लीला के कारण उन्हें गोवर्धनधारी कहा जाता है। गोवर्धन पूजा का पर्व इसी प्रसंग की स्मृति में मनाया जाता है।

गौरतलब है कि गोवर्धन पूजा को अन्नकूट पर्व के नाम से भी जाना जाता है। यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि को दीपावली के अगले दिन मनाया जाता है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण, गोवर्धन पर्वत और गायों की पूजा की परंपरा है। कई स्थानों पर अन्नकूट का आयोजन कर भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाया जाता है।