EPFO का बड़ा तोहफा! अब पीएफ खाते में सिर्फ 10% रकम रखना होगा जरूरी
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों खाताधारकों के लिए राहत भरी खबर है। पीएफ खाते से आंशिक निकासी के नियमों में बदलाव करते हुए ईपीएफओ बोर्ड ने न्यूनतम बैलेंस की अनिवार्य सीमा को 25 प्रतिशत से घटाकर 10 प्रतिशत करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से कर्मचारियों को अपनी जमा पूंजी का अधिक हिस्सा जरूरत के समय निकालने की सुविधा मिल सकेगी।
अब तक लागू व्यवस्था के तहत पीएफ खाताधारकों को आंशिक निकासी करते समय अपने पात्र पीएफ बैलेंस का कम से कम 25 प्रतिशत हिस्सा खाते में बनाए रखना होता था। नई व्यवस्था के तहत यह सीमा घटकर 10 प्रतिशत रह जाएगी। इसका मतलब है कि पात्र खाताधारक जरूरत पड़ने पर अपने उपलब्ध पीएफ बैलेंस का अधिकतम 90 प्रतिशत तक हिस्सा निकाल सकेंगे। हालांकि, निकासी संबंधित नियमों और पात्रता की शर्तों के अधीन होगी।
10 लाख रुपये जमा होने पर समझें पूरा गणित
इस बदलाव को उदाहरण से समझें तो यदि किसी कर्मचारी के पीएफ खाते में 10 लाख रुपये जमा हैं, तो पुरानी व्यवस्था के तहत उसे कम से कम 2.5 लाख रुपये खाते में रखने पड़ते थे। ऐसे में अधिकतम 7.5 लाख रुपये तक की निकासी संभव थी। नई व्यवस्था में न्यूनतम बैलेंस की सीमा घटकर एक लाख रुपये हो जाएगी। इस तरह पात्रता के अनुसार कर्मचारी अधिकतम 9 लाख रुपये तक निकालने का विकल्प पा सकेंगे।
रिटायरमेंट की बचत और जरूरत के बीच संतुलन
पीएफ की रकम कर्मचारियों की भविष्य की आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार होती है। नौकरी के दौरान बीमारी, शिक्षा, शादी, मकान और अन्य जरूरी खर्चों के लिए कर्मचारियों को कई बार अपनी जमा पूंजी की आवश्यकता पड़ती है। न्यूनतम बैलेंस की सीमा कम होने से ऐसे समय में उन्हें अधिक आर्थिक सहायता मिल सकेगी। वहीं, खाते में 10 प्रतिशत राशि बनाए रखने की व्यवस्था से रिटायरमेंट के लिए कुछ बचत सुरक्षित रखने का उद्देश्य भी बना रहेगा।
ईपीएफओ की ओर से पहले भी आंशिक निकासी के नियमों को सरल बनाया गया था। अब न्यूनतम बैलेंस की सीमा में प्रस्तावित कमी को कर्मचारियों के लिए एक और महत्वपूर्ण राहत के रूप में देखा जा रहा है।